इफ्फी 2026 में 'वर्चुअल भारत' भारत की विविध कथा-परंपराओं और भारतीय सिनेमा की वैश्विक शक्ति को उजागर करेगा
गोआ के पणजी में आज 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के दौरान 'वर्चुअल भारत' पर एक पैनल चर्चा हुई। इसमें भारत की विविध कहानी कहने की परंपराओं, रचनात्मक स्वतंत्रता और सिनेमा के बदलते स्वरूप पर बातचीत की गई। इस सत्र में जाने-माने फिल्म निर्माता भरत बाला और भारतीय…

गोआ के पणजी में आज 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के दौरान 'वर्चुअल भारत' पर एक पैनल चर्चा हुई। इसमें भारत की विविध कहानी कहने की परंपराओं, रचनात्मक स्वतंत्रता और सिनेमा के बदलते स्वरूप पर बातचीत की गई। इस सत्र में जाने-माने फिल्म निर्माता भरत बाला और भारतीय सूचना सेवा (आईआईएस) के वरिष्ठ अधिकारी धीरज सिंह शामिल हुए। श्री धीरज सिंह वर्तमान में पुणे के भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) के कुलपति और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के प्रबंध निदेशक (अतिरिक्त प्रभार) के रूप में कार्यरत हैं। इस चर्चा का संचालन अभिनेत्री, निर्माता और लेखिका वाणी त्रिपाठी टिक्कू ने किया।
‘फिल्म निर्माताओं को सबसे पहले अपने ही देश की कहानियों को पहचानना चाहिए और उन्हें सामने लाना चाहिए’
श्री भरत बाला ने अपनी रचनात्मक विचारधारा के बारे में बात करते हुए, कहा कि वे म्यूज़िक वीडियो, शॉर्ट फ़िल्म, फ़ीचर फ़िल्म, फ़िक्शन और नॉन-फ़िक्शन के बीच कोई फ़र्क नहीं करते। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि किसी भी स्वरूप में कहानी सुनाना और रचनात्मक अभिव्यक्ति ही सबसे महत्वपूर्ण होनी चाहिए।
पिछले पाँच वर्षों के अपने काम पर चर्चा करते हुए, उन्होंने बताया कि कैसे वे देश के सुदूर कोनों तक कैमरे लेकर गए, आम लोगों से जुड़े, उनका भरोसा जीता और उन्हें अपनी कहानियाँ साझा करने के लिए एक मंच दिया। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि फ़िल्म निर्माण का असली सार पहले से तय कहानियों को थोपने के बजाय, लोगों के वास्तविक अनुभवों को कैमरे में कैद करना है।
'वर्चुअल भारत' पहल का ज़िक्र करते हुए श्री भारत बाला ने बताया कि भारत की अद्भुत सांस्कृतिक और भौगोलिक विविधता अनकही कहानियों का एक विशाल स्रोत है। वर्चुअल भारत एक क्लाउड-आधारित प्लेटफ़ॉर्म पर 143 फ़िल्मों को एक साथ लाती है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर अपनी एक सार्थक पहचान बनाने के लिए, फ़िल्म निर्माताओं को सबसे पहले अपने ही देश की कहानियों को पहचानना और सामने लाना चाहिए। उन्होंने कहा, "भारत ही नया ग्लोबल है।" श्री बाला ने इस बात पर ज़ोर दिया कि भारत के वास्तविक जीवन अनुभवों पर आधारित कहानियाँ दुनिया भर के दर्शकों से जुड़ सकती हैं।
‘कलात्मक अभिव्यक्ति को मानवीय अनुभवों से शक्ति मिलती है’
श्री धीरज सिंह ने कहा कि भारत में दर्शकों का एक बहुत बड़ा आधार है और यहाँ कहानियों का एक अद्भुत भंडार है। उन्होंने कहा कि भारत में वैश्विक स्तर पर कहानी कहने की कला में एक मजबूत आवाज़ बनकर उभरने की अपार क्षमता है। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि भारतीय सिनेमा को बाहरी धारणाओं और प्रभावों तक सीमित रहने के बजाय, अपनी खुद की सांस्कृतिक जड़ों और मूल्यों से प्रेरणा लेनी चाहिए। सिनेमा, कला और वास्तविकता के बीच के संबंधों पर चर्चा करते हुए, उन्होंने कहा कि कलात्मक अभिव्यक्ति को मानवीय अनुभवों से ताकत मिलती है और अंततः यह अपनी एक अलग दुनिया रचती है।
श्री धीरज सिंह ने कहा कि फिल्म महोत्सवों का उद्देश्य केवल फिल्में दिखाना ही नहीं होता है। उन्होंने बताया कि ये महोत्सव दर्शकों को सिनेमा की व्यापक दुनिया से परिचित कराते हैं, सिनेमा की समझ को विकसित करते हैं और नए फिल्म निर्माताओं को सीखने, एक-दूसरे से जुड़ने और अपना काम प्रदर्शित करने के अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने इफ्फी की उन पहलों का भी ज़िक्र किया, जिनका उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को जोड़ना है; इनमें पुणे का 'भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान' (एफटीआईआई) और अरुणाचल प्रदेश के 'फिल्म और टेलीविजन संस्थान' (एफटीआई) के विद्यार्थी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को नए अनुभव देना, रचनात्मक अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें सिनेमा जगत से जुड़ने के लिए एक मंच देना, फिल्म शिक्षा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
इस चर्चा में रचनात्मक उद्योगों पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते प्रभाव के बारे में भी बात की गई। एआई द्वारा रचनात्मक पेशेवरों की जगह ले लेने की चिंताओं पर प्रतिक्रिया देते हुए, श्री धीरज सिंह ने कहा कि रचनाकारों को डरने के बजाय तकनीकी बदलावों के प्रति सतर्क रहना चाहिए और समय रहते अपनी कार्यशैली में ज़रूरी सुधार करने चाहिए। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि मानवीय रचनात्मकता और कलात्मक अभिव्यक्ति की जगह कोई नहीं ले सकता, क्योंकि कला अंततः मानवीय कल्पना और अनुभवों से ही जन्म लेती है।
श्री भरत बाला ने एआई का स्वागत एक ऐसी विकसित होती तकनीक के रूप में किया, जो रचनात्मक संभावनाओं का विस्तार कर सकती है और फिल्म निर्माताओं के लिए नए रास्ते खोल सकती है। हालाँकि, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कहानी कहने की कला मूल रूप से मानवीय रचनात्मकता और मौलिकता पर ही टिकी है। उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रगति से रचनाकारों को और अधिक नवाचारी बनने और मौलिक कहानी कहने की सीमाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित होना चाहिए।
इस चर्चा में 'वर्चुअल भारत' जैसे मंचों के बढ़ते महत्व का उल्लेख किया गया, जो भारत की विविध और प्रामाणिक कहानियों को सामने लाते हैं। साथ ही, इसमें प्रतिभा को निखारने, रचनात्मक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने और वैश्विक सिनेमाई मंच पर भारत की उपस्थिति को मजबूत करने में फिल्म महोत्सवों की भूमिका को भी दोहराया गया।






