'ईगो वी रीच ऑल' घाना में बचपन, पहचान और विपरीत परिस्थितियों से उबरने की क्षमता दर्शाती है; फिल्म निर्माता अंतर्राष्ट्रीय सहयोग की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हैं
स
द्वारा सुपर एडमिन
New Delhi · स्रोत: PIB · प्रकाशित:

घाना, फ्रांस और सऊदी अरब के अंतर्राष्ट्रीय सह-निर्माण 'ईगो वी रीच ऑल (आवर टाइम विल कम)' की टीम ने आज गोआ के पणजी में 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के दौरान संवाददाता सम्मेलन कक्ष में मीडिया से बातचीत की। अंतरराष्ट्रीय सिनेमा खंड के अंतर्गत प्रदर्शित की गई यह 104 मिनट की फीचर फिल्म, इस महोत्सव में अपना 'एशिया प्रीमियर' कर रही है।
निर्देशक अमार्तेई अरमार और निर्माता येमोह आइक ने फिल्म के रचनात्मक सफर, घाना की सड़कों पर बचपन और जीवन-संघर्ष के चित्रण तथा स्थानीय कहानियों को दुनिया भर के दर्शकों तक पहुँचाने में अंतरराष्ट्रीय सहयोग के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
निर्देशक अमार्तेई अरमार ने फिल्म की विषय-वस्तु की प्रेरणा के बारे में बात करते हुए बताया कि वे लंबे समय से घाना में सड़क पर रहने वाले बच्चों और हाशिए पर जीवन बिता रहे युवाओं की कहानियों से प्रभावित रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह फिल्म उन लोगों की कहानियों को सामने लाने का प्रयास करती है, जिन्हें अक्सर समाज अनदेखा कर देता है, ताकि उन्हें राष्ट्रीय और सिनेमाई चर्चाओं का मुख्य हिस्सा बनाया जा सके। इस कहानी के माध्यम से, फिल्म निर्माता यह संदेश देना चाहते हैं कि अलग-अलग परिस्थितियों से आने वाले युवा भी देश और उसके भविष्य का उतना ही महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
अरमार ने अपनी फिल्म निर्माण यात्रा और घाना के साथ अपने निरंतर जुड़ाव पर बात करते हुए, इस बात पर जोर दिया कि फिल्म निर्माताओं को अपनी कहानियों का दायित्व लेना चाहिए और अपनी आवाज़ लोगों तक पहुंचानी चाहिए। उन्होंने बताया कि स्वतंत्र फिल्म निर्माता अक्सर सीमित संसाधनों (वित्तीय बाधाओं) के बीच काम करते हैं। इसलिए, ऐसी फिल्में बनाना बहुत जरूरी हो जाता है जो बेहतरीन सिनेमाई गुणवत्ता और कहानी कहने की क्षमता दिखाएं, ताकि निवेशकों को आकर्षित किया जा सके और फिल्म उद्योग को मजबूत बनाया जा सके।
फिल्म निर्माताओं ने भारत और घाना के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए, दोनों देशों की सिनेमाई संस्कृतियों के बीच समानताएं बताईं। उन्होंने घाना के 'घैलीवुड' की तुलना भारत के 'बॉलीवुड' से की। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के दर्शक एक-दूसरे की कहानी कहने की परंपराओं में सांस्कृतिक समानताएं देख सकते हैं, क्योंकि दोनों देशों के कुछ सांस्कृतिक अनुभवों और सामाजिक वास्तविकताओं में काफी कुछ एक जैसा है।
फिल्म निर्माताओं ने भारतीय और घाना के फिल्म निर्माताओं के बीच सहयोग बढ़ाने में भी रुचि दिखाई। इसमें घाना से भारत और भारत से घाना के बीच रचनात्मक प्रतिभा, कहानियों और सिनेमाई अनुभवों के आदान-प्रदान के अवसर शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की साझेदारी से सांस्कृतिक समझ बढ़ेगी, फिल्म निर्माताओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अफ्रीकी सिनेमा की पहचान मजबूत होगी।
संवाददाता सम्मेलन का संचालन श्री मनन सिंह ने किया।
पूरा संवाददाता सम्मेलन यहाँ देखें:
इफ्फीलॉइड यहाँ पर पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1®=48
*****
पीके/केसी/आरटी/एमकेएस/डीके
स्रोत: Press Information Bureau (PIB), Government of India — मूल स्रोत पढ़ें
यह सरकारी प्रेस विज्ञप्ति बिना बदलाव के प्रकाशित की गई है।





