Skip to content
शुक्रवार, 27 नवंबर 2026
अनाइन न्यूज़
ब्रेकिंग
भारत

भारत की राष्‍ट्रपति कटक में बाली जात्रा महोत्सव 2026 में शामिल हुईं

स
द्वारा सुपर एडमिन
New Delhi · स्रोत: PIB · प्रकाशित:
Read in English

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु आज, 24 नवंबर 2026 को कटक, ओडिशा में बाली जात्रा महोत्सव 2026 में शामिल हुईं।

भारत की राष्‍ट्रपति कटक में बाली जात्रा महोत्सव 2026 में शामिल हुईं
फ़ोटो: PIB
शेयर करें

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु आज, 24 नवंबर 2026 को कटक, ओडिशा में बाली जात्रा महोत्सव 2026 में शामिल हुईं।

इस अवसर पर अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि बाली जात्रा एक न्‍यारा पर्व है जो ओड़िशा के गौरवमय इतिहास का गुणगान करता है। समुद्री व्यापार का इतिहास एक परंपरा में परिवर्तित हो गया है, और इसी परंपरा ने एक पर्व का रूप ले लिया है। यह ओड़िशावासियों की सृजनशीलता और इतिहास-दृष्टि दोनों को प्रतिबिंबित करता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि ओड़िशा के वणिक वाणिज्‍य-व्‍यापार करने के लिए सुदूर देशों की यात्रा करते थे। व्यापार के जरिए, उन्होंने देश के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्‍होंने नए-नए जलमार्गों का आविष्‍कार किया और अंतर्राष्‍ट्रीय संबंधों को सुदृढ़ किया। वे सांस्कृतिक आदान-प्रदान का माध्यम भी बने।

राष्ट्रपति ने कहा कि ओडिशा और बाली के बीच के ऐतिहासिक संबंधों को आधुनिक वाणिज्‍यिक और सांस्कृतिक सहयोग में परिणत किया जा सकता है। उन्होंने यह जानकर प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की कि इंडोनेशिया के सांस्कृतिक दल इस 'बाली जात्रा' में भाग ले रहे हैं। बाली में दो दिनों तक ‘ओड़िशा परब’ मनाया जा रहा है, जिसमें ओड़िशा के नृत्‍य-संगीत, हथकरघा, हस्‍तशिल्‍प और पारंपरिक खान-पान प्रदर्शित किए जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के सांस्‍कृतिक आदान-प्रदान से भारत और इंडोनेशिया के बीच आपसी संबंध और भी घनिष्‍ठ होंगे।

राष्ट्रपति ने कहा कि अतीत के गौरव से गौरवान्वित होना, पर्व-त्योहार मनाना अच्छी बात है। लेकिन, हमें अतीत से प्रेरणा लेकर वर्तमान को संवार कर भविष्य को उज्ज्वल बनाना चाहिए। हमारी युवा पीढ़ी को, विशेषकर, हमारे वणिकों के साहस और दक्षता से काफी कुछ सीखना है।

राष्ट्रपति ने कहा कि 'विकसित भारत' का निर्माण करना हमारा राष्ट्रीय लक्ष्य है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की प्रतिष्‍ठा बढ़ी है। दुनिया के कई हिस्सों में अशांति है और वैश्विक अर्थव्‍यवस्‍था में अस्थिरता है। इसके बावजूद भारत की अर्थ-व्यवस्था मज़बूत बनी हुई है। यह विकसित भारत बनने की दिशा में हमारी यात्रा के लिए एक शुभ संकेत है।

राष्ट्रपति को यह जानकर प्रसन्‍नता हुई कि ओडिशा एक औद्योगिक केंद्र के रूप में उभर कर सामने आ रहा है और बड़ी संख्‍या में निवेशक राज्‍य की ओर आकर्षित हो रहे हैं। ओडिशा में उद्यमी, कारीगर, बुनकर और युवा पीढ़ी अपनी दक्षता और उद्यम के जरिये राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहे हैं। उन सब का बढ़ता योगदान विकसित ओडिशा के विजन को साकार करने की दृष्टि से एक शुभ संकेत है।

स्रोत: Press Information Bureau (PIB), Government of India — मूल स्रोत पढ़ें
यह सरकारी प्रेस विज्ञप्ति बिना बदलाव के प्रकाशित की गई है।
भारत की राष्‍ट्रपति कटक में बाली जात्रा महोत्सव 2026 में शामिल हुईं 1
1/5 — PIB
भारत की राष्‍ट्रपति कटक में बाली जात्रा महोत्सव 2026 में शामिल हुईं 2
2/5 — PIB
भारत की राष्‍ट्रपति कटक में बाली जात्रा महोत्सव 2026 में शामिल हुईं 3
3/5 — PIB
भारत की राष्‍ट्रपति कटक में बाली जात्रा महोत्सव 2026 में शामिल हुईं 4
4/5 — PIB
भारत की राष्‍ट्रपति कटक में बाली जात्रा महोत्सव 2026 में शामिल हुईं 5
5/5 — PIB
शेयर करें

संबंधित खबरें