लोकसभा अध्यक्ष ने श्री रबी राय को श्रद्धांजलि अर्पित की
लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने आज संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री रबी राय की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने आज संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री रबी राय की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर राज्यसभा के उपसभापति श्री हरिवंश, संसद सदस्यों एवं पूर्व संसद सदस्यों ने भी श्री राय को श्रद्धांजलि अर्पित की। लोकसभा के महासचिव श्री उत्पल कुमार सिंह तथा राज्यसभा के महासचिव श्री पी.सी. मोदी ने भी श्री रबी राय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
श्री रबी राय का जन्म 26 नवंबर, 1926 को ओडिशा (तत्कालीन उड़ीसा) के पुरी जिले के भानरागढ़ गांव में हुआ था। वे पहली बार वर्ष 1967 में चौथी लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। श्री राय ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री के रूप में भी कार्य किया। उन्होंने नौवीं लोकसभा के अध्यक्ष के रूप में 19 दिसंबर, 1989 से 9 जुलाई, 1991 तक पदभार संभाला।
श्री रबी राय का चित्र संविधान सदन की बाहरी लॉबी में स्थापित है। इस चित्र का अनावरण भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी ने 10 फरवरी, 2014 को किया था।
संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में आज लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री रवि राय जी की जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। ओडिशा की पावन धरा पर जन्मे श्री रवि राय जी ने छात्र जीवन से ही स्वतंत्रता, सामाजिक न्याय और समता के आदर्शों को अपने जीवन का ध्येय बनाया। तिरंगे के सम्मान में गिरफ्तारी से लेकर समाजवादी विचारधारा को जनमानस तक पहुँचाने तक उनकी जीवनयात्रा राष्ट्रहित और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण की परिचायक रही। लोकसभा एवं राज्यसभा, दोनों सदनों में उनकी सक्रिय सहभागिता ने संसदीय विमर्श को नई गरिमा प्रदान की। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री के रूप में उन्होंने जनकल्याण के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाया, वहीं लोकसभा अध्यक्ष के रूप में निष्पक्षता, शालीनता और संसदीय परंपराओं के प्रति अपनी निष्ठा से लोकतांत्रिक संस्थाओं की प्रतिष्ठा को सुदृढ़ किया। शून्यकाल की सुव्यवस्थित व्यवस्था, विषय-सम्बंधी समितियों की स्थापना तथा दल-बदल विरोधी कानून के संदर्भ में उनके ऐतिहासिक निर्णय ने संसदीय कार्यप्रणाली को नई दिशा प्रदान की। सक्रिय राजनीति से निवृत्त होने के पश्चात भी वे वंचितों के उत्थान, नैतिक राजनीति और जनजागरण के कार्यों में निरंतर संलग्न रहे। उनका संपूर्ण जीवन इस विचार का सशक्त प्रतिपादन करता है कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति सत्ता में नहीं, बल्कि सिद्धांतों, सार्वजनिक जीवन की शुचिता और जनविश्वास में निहित होती है। श्री रवि राय जी की सेवा-साधना, संसदीय गरिमा और लोकहित के प्रति प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। उनकी पावन स्मृति को विनम्र नमन।
— Om Birla (@ombirlakota) November 26, 2026
***
AM




