Skip to content
शुक्रवार, 27 नवंबर 2026
अनाइन न्यूज़
ब्रेकिंग
भारत

स्मार्ट बोर्ड बनाम ब्लैकबोर्ड: ‘कबीर सर का आखिरी पाठ’ ने इफ्फी में दर्शकों को भावुक किया

स
द्वारा सुपर एडमिन
New Delhi · स्रोत: PIB · प्रकाशित:

कई पीढ़ियों को पढाकर भविष्‍य संवारने वाले शिक्षक जब बदलती कक्षाओं और नई शिक्षण पद्धतियों के साथ कदमताल में कठिनाई महसूस करने लगते हैं तब क्या होता है? फिल्मकार सरफराज आलम की पहली हिंदी फीचर फिल्म कबीर सर का आखिरी पाठ के केंद्र में यही सवाल है। इस फिल्म का विश्व प्रीमियर 57वें…

स्मार्ट बोर्ड बनाम ब्लैकबोर्ड: ‘कबीर सर का आखिरी पाठ’ ने इफ्फी में दर्शकों को भावुक किया
फ़ोटो: PIB
शेयर करें

कई पीढ़ियों को पढाकर भविष्‍य संवारने वाले शिक्षक जब बदलती कक्षाओं और नई शिक्षण पद्धतियों के साथ कदमताल में कठिनाई महसूस करने लगते हैं तब क्या होता है? फिल्मकार सरफराज आलम की पहली हिंदी फीचर फिल्म कबीर सर का आखिरी पाठ के केंद्र में यही सवाल है। इस फिल्म का विश्व प्रीमियर 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव- इफ्फी में हुआ।

यह फिल्म आलम को बचपन के स्कूल के दौरे में मिले अनुभव से प्रेरित है। बिहार के नालंदा जिले में स्थित इस स्‍कूल में उन्होंने पाया कि पारंपरिक ब्लैकबोर्ड की जगह अब स्मार्ट बोर्ड आ गया है, जिससे कई अनुभवी शिक्षक यह नई तकनीक अपनाने में असहज महसूस कर रहे हैं। श्री आलम को मिले इस अनुभव ने उन्हें शिक्षण पेशे में बदलती स्थितियों और आज के शिक्षकों के सामने पेश चुनौतियों पर सोचने और इसे अभिव्‍यक्‍त करने के लिए प्रेरित किया।

पत्र सूचना कार्यालय द्वारा आज गोवा में आयोजित संवाददाता सम्‍मेलन में अपने इस अनुभव को याद करते हुए श्री आलम ने कहा कि दो साल पहले जब वे अपने स्कूल पहुंचे तो देखा कि ब्लैकबोर्ड की जगह अब स्मार्ट बोर्ड ने ले ली है और उनके शिक्षक नई तकनीकों के साथ तालमेल बिठाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। यहीं से उनके मन में इस फिल्म का विचार आया। बिहार के एक छोटे से गांव के साधारण स्कूल से अपनी यात्रा शुरू करने, रूस में मेडिकल की पढ़ाई करने और बाद में न्यूयॉर्क फिल्म अकादमी से फिल्म निर्माण का अध्ययन करने तक के अपने सफर का जिक्र करते हुए श्री आलम ने बताया कि उन पर उनके शिक्षकों का गहरा और स्थायी प्रभाव रहा है और आज भी अपनी जड़ों से उनका जुड़ाव बना हुआ है। उन्होंने कहा कि जिन शिक्षकों ने कभी डॉक्टरों, इंजीनियरों और आईएएस अधिकारियों की पीढ़ियों का मार्गदर्शन किया वे आज तकनीकी बाधाओं और शिक्षण पेशे के प्रति बदलते नजरिए के बीच खुद को ढालने का प्रयास कर रहे हैं। श्री आलम ने कहा कि यह फिल्म आज शिक्षकों के सामने आ रही चुनौतियों और उनके साथ किए जा रहे व्यवहार पर आधारित है, जिससे देशभर के दर्शक जुड़ पाएंगे।

कार्टिना एंटरटेनमेंट एंड स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्मित 103.52 मिनट की इस हिंदी ड्रामा फिल्म में जाने-माने अभिनेता विनय पाठक मुख्य भूमिका में हैं। श्री आलम ने अभिनेता विनय पाठक के सधे हुए अभिनय की सराहना की और शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा अभिभावकों के बीच बदलते रिश्‍तों पर भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि शिक्षक और विद्यार्थी के रिश्ते पहले आत्मीयता से जुड़े होते थे, पर आधुनिक शिक्षा व्यवस्था में ये धीरे-धीरे कम होते जा रहे हैं। उन्होंने विचारपूर्वक संवाद के महत्व पर जोर देते हुए युवाओं से कहा कि वे दूसरों के बारे में बुरा बोलने के बजाय ध्यानपूर्वक देखें और उनकी बात सुनें।

बिहार की चर्चा करते हुए श्री आलम ने राज्य में बुनियादी अवसंरचना के क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख किया। साथ ही, उन्‍होंने राज्य के विकास और उपलब्धियों को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने में सिनेमा की सार्थक भूमिका रेखांकित की।

कबीर सर का आखिरी पाठ ब्लैकबोर्ड से स्मार्ट बोर्ड तक के बदलाव से आगे बढ़कर सम्मान, बदलती पीढ़ियां और विकसित होते समाज में शिक्षकों के स्थान से जुड़े सवाल उठाती है। एक फिल्मकार के निजी अनुभव पर आधारित इस फिल्‍म की कहानी ऐसे सार्वभौमिक रिश्ते को दर्शाती है, जो भौगोलिक और सांस्कृतिक सीमाओं से परे है। यह फिल्‍म 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव-इफ्फी की विषयवस्तु सीमाओं से परे कहानियां से सर्वथा मेल खाती है। यह फिल्‍म महोत्सव 20 से 28 नवंबर, 2026 तक गोवा में चल रहा है।

श्री विवेक विश्वास ने इस संवाददाता सम्‍मेलन का संचालन किया।

पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस यहां देखें:

https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

पीके/केसी/आरटी/एकेवी/एसके

स्रोत: Press Information Bureau (PIB), Government of India — मूल स्रोत पढ़ें
यह सरकारी प्रेस विज्ञप्ति बिना बदलाव के प्रकाशित की गई है।
स्मार्ट बोर्ड बनाम ब्लैकबोर्ड: ‘कबीर सर का आखिरी पाठ’ ने इफ्फी में दर्शकों को भावुक किया 1
1/1 — PIB
शेयर करें

संबंधित खबरें