‘अपनों के करीब आएं और उन्हें गले लगाएं’: फिल्म ‘अ फैमिली’ के निर्देशक और अभिनेता ने रिश्तों में भावनाओं को समझने और उनके प्रति संवेदनशील होने का संदेश दिया
57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में डच फिल्म ‘अ फैमिली’ के निर्देशक और अभिनेता ने परिवार के रिश्तों पर विचार करने, बच्चों पर माता-पिता के बीच तनाव के भावनात्मक प्रभावों को समझने और अपने प्रियजनों से जुड़ने का संदेश दिया। निर्देशक मीस पेइनेनबर्ग और अभिनेता पीटर…

57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में डच फिल्म ‘अ फैमिली’ के निर्देशक और अभिनेता ने परिवार के रिश्तों पर विचार करने, बच्चों पर माता-पिता के बीच तनाव के भावनात्मक प्रभावों को समझने और अपने प्रियजनों से जुड़ने का संदेश दिया। निर्देशक मीस पेइनेनबर्ग और अभिनेता पीटर एम्ब्रेच्ट्स ने आज आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भावनात्मक सुरक्षा, परिवार के रिश्तों में आई दरार और माता-पिता के अलगाव को बच्चे किस तरह अलग-अलग रूपों में महसूस करते हैं, जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए।
आत्मचिंतन के महत्व पर जोर देते हुए निर्देशक पेइनेनबर्ग ने फिल्म को वयस्कों और माता-पिता के लिए एक खुला संदेश बताया, जो उन्हें अपने व्यवहार और बच्चों पर पड़ने वाले उसके प्रभाव के प्रति अधिक सजग होने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि अक्सर लोग अपने ही व्यवहार के कुछ पहलुओं को समझ नहीं पाते और उन्हें इस बात का एहसास भी नहीं होता कि उनके कार्यों का आसपास के लोगों पर क्या असर पड़ता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि फिल्म का उद्देश्य किसी पात्र या उसकी परिस्थितियों पर कोई टिप्पणी किए बिना लोगों में इस विषय के प्रति अधिक समझ और जागरूकता विकसित करना है।
फिल्म में जैकब की भूमिका निभाने वाले एम्ब्रेच्ट्स ने इस संदेश को आगे बढ़ाते हुए दर्शकों से अपने सबसे करीबी लोगों से संपर्क करने की अपील की। उन्होंने कहा, “मैं चाहता हूं कि लोग अपने प्रियजनों, अपने करीबियों और उन लोगों को फोन करें या उनसे मिलें, जो उनके सबसे करीब हैं और उन्हें गले लगाएं।” उन्होंने कहा कि खासकर आज के समय में लोगों के लिए ऐसे भावनात्मक जुड़ाव बेहद जरूरी हैं।
फिल्म की प्रेरणा के बारे में बताते हुए पेइनेनबर्ग ने खुलासा किया कि इसकी कहानी उनके लिए बेहद व्यक्तिगत थी और इसका कुछ हिस्सा टूटे हुए परिवार में उनके अपने बचपन के अनुभवों पर आधारित था। वह यह समझना चाहते थे कि जब किसी व्यक्ति की दुनिया और परिवार का ढांचा बिखरने लगता है, तो वह किस चीज की तलाश करता है। अपने शोध और अनुभवों के आधार पर उन्होंने पाया कि भावनात्मक सुरक्षा हर इंसान की एक बुनियादी जरूरत है, खासकर अनिश्चितता और मानसिक तनाव के दौर में।
उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि भावनात्मक सुरक्षा हम सभी की एक बुनियादी जरूरत है। खासकर तब, जब जीवन में उथल-पुथल मचती है और हमारे आसपास की दुनिया अस्थिर होने लगती है।”
निर्देशक ने कहा कि उनकी रुचि इस बात को समझने में भी थी कि एक ही घटना को अलग-अलग लोग किस तरह भिन्न नजरिए से अनुभव करते हैं। यही विचार फिल्म अ फैमिली की कहानी का आधार है, जिसमें भाई-बहन नीना और एली अपने माता-पिता के अलगाव के दौर से गुजरते हैं। परिवार के बिखरने की एक ही स्थिति का सामना करने के बावजूद, दोनों बच्चे उस पर अलग-अलग प्रतिक्रिया देते हैं। पेइनेनबर्ग ने नीना को ऐसी लड़की के रूप में चित्रित किया, जो अपनी भावनाओं को मन में ही दबाकर रखती है। उन्होंने उसकी तुलना ऐसे ज्वालामुखी से की, जिसके भीतर भावनाओं का तूफान उमड़ रहा हो। वहीं, एली अपने आसपास के सभी लोगों को खुश रखने की कोशिश करता है और इस क्रम में माता-पिता के बीच उलझकर रह जाता है। दोनों की प्रतिक्रियाएं भले ही अलग-अलग हों, लेकिन अंततः वे दोनों प्यार और भावनात्मक सुरक्षा की तलाश में हैं।
कहानी को बच्चों के नजरिए से प्रस्तुत करने के अपने फैसले के बारे में बताते हुए पेइनेनबर्ग ने कहा कि सिनेमा में इस बात पर अपेक्षाकृत कम ध्यान दिया गया है कि ऐसी परिस्थितियों का बच्चों और किशोरों पर क्या असर पड़ता है और वे इन्हें किस तरह महसूस करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए फिल्म की कहानी के केंद्र में बच्चों को रखा गया है। इसमें दिखाया गया है कि माता-पिता जहां अपने दर्द और परेशानियों से जूझ रहे होते हैं, वहीं बच्चे किस तरह कठिन भावनात्मक परिस्थितियों का सामना करते हैं और उनसे उबरने की कोशिश करते हैं।
फिल्म की विज़ुअल शैली भी चर्चा का एक अहम विषय रही। नीना को परिवार के अन्य सदस्यों के साथ होने के बावजूद कई दृश्यों में अकेले दिखाने के बारे में पूछे जाने पर पेइनेनबर्ग ने बताया कि यह सिनेमैटोग्राफर जैस्पर वुल्फ के साथ मिलकर लिया गया एक रचनात्मक निर्णय था। उन्होंने समझाया कि इस दृश्यात्मक शैली के जरिए दोनों बच्चों के अलग-अलग अनुभवों को स्वतंत्र भावनात्मक मोनोलॉग एकतरफा संवाद के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है, जो धीरे-धीरे एक संवाद का रूप लेते हैं।
फिल्म में नीना को अक्सर अकेले दिखाया गया है, जबकि एली को ज्यादातर अन्य लोगों के साथ दिखाया गया है। निर्देशक ने बताया कि फिल्म निर्माताओं ने जानबूझकर उन पहलुओं पर ध्यान केंद्रित किया, जिनकी ओर माता-पिता का ध्यान नहीं जाता। इस तरह, फिल्म में माता-पिता के आपसी झगड़ों के बजाय बच्चों पर पड़ने वाले उनके भावनात्मक प्रभाव को प्रमुखता दी गई है। उन्होंने कहा, “फिल्म का विषय जरूरी नहीं कि माता-पिता के बीच होने वाला झगड़ा हो, बल्कि उस झगड़े का बच्चों पर पड़ने वाला असर है।”
पेइनेनबर्ग ने यह भी बताया कि फिल्म के भावनात्मक रूप से गंभीर दृश्यों में सामान्य तौर पर इस्तेमाल की जाने वाली धुंधली या हल्की रोशनी के बजाय दिन के तेज उजाले को जानबूझकर चुना गया। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य दृश्यों को खुला और स्वाभाविक रूप देना था, ताकि पात्रों की भावनात्मक स्थिति को बिना छिपाए या बढ़ा-चढ़ाकर दिखाए, वास्तविक रूप में सामने लाया जा सके। उन्होंने बताया कि फिल्म निर्माता परिस्थितियों को वैसा ही दिखाना चाहते थे, जैसी वे वास्तव में हैं, ताकि दर्शक फिल्म में दिखाई गई भावनाओं को सीधे महसूस कर सकें।
नीना और एली के अलग-अलग अनुभवों के माध्यम से फिल्म अ फैमिली भावनात्मक सुरक्षा की जरूरत, माता-पिता के आपसी टकराव के बच्चों पर पड़ने वाले प्रभाव और अपने आसपास के लोगों के नजरिए को समझने के महत्व को सामने लाती है। परिवार के बिखराव से जुड़ी समस्याओं का कोई आसान समाधान देने के बजाय, यह फिल्म दर्शकों को अपने रिश्तों पर विचार करने, अपने व्यवहार के प्रति अधिक सजग रहने और प्रियजनों के साथ अपने संबंधों को संजोकर रखने का संदेश देती है।
निर्देशक और अभिनेता ने 57वें इफ्फी में अपनी फिल्म प्रस्तुत करने का अवसर देने के लिए महोत्सव आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने फिल्म को दर्शकों के सामने प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किए जाने पर भी खुशी जताई।
सत्र का संचालन सुश्री सस्मिता ने किया।
पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस यहाँ देखें:
IFFILOID के बारे में यहाँ पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1®=48







