गोवा में इफ्फी का समापन, लेकिन सिनेमा का जादू बरकरार: यादगार पलों के साथ हुआ इफ्फी 2026 का शानदार समापन!
गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) 2026 का समापन नौ दिनों तक चले सिनेमाई अनुभवों, सांस्कृतिक मेल-मिलाप और रचनात्मक संवादों के यादगार सफर के साथ हुआ। दुनिया भर की फिल्मों, फिल्मकारों और दर्शकों को एक मंच पर लाने वाले इस महोत्सव ने भौगोलिक, भाषाई और…

गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) 2026 का समापन नौ दिनों तक चले सिनेमाई अनुभवों, सांस्कृतिक मेल-मिलाप और रचनात्मक संवादों के यादगार सफर के साथ हुआ। दुनिया भर की फिल्मों, फिल्मकारों और दर्शकों को एक मंच पर लाने वाले इस महोत्सव ने भौगोलिक, भाषाई और सांस्कृतिक सीमाओं से परे लोगों को जोड़ने में सिनेमा की अद्भुत शक्ति को रेखांकित किया।
‘स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स’ की अपनी थीम को सार्थक करते हुए, इफ्फी 2026 ने प्रतिष्ठित फिल्मकारों, उभरते कहानीकारों, फिल्म जगत के प्रोफेशनल्स और सिनेमा प्रेमियों को एक साझा मंच प्रदान किया। इस मंच पर विभिन्न संस्कृतियों, भाषाओं और सिनेमाई परंपराओं के बीच संवाद और विचारों के आदान-प्रदान को बढ़ावा मिला।
समापन समारोह में सिनेमा और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। इस अवसर पर रेड कार्पेट पर सितारों की मौजूदगी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और बहुप्रतीक्षित पुरस्कार समारोह ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। समारोह में सिनेमा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और उभरती प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए, गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने महोत्सव की सफलता पर प्रकाश डाला। उन्होंने इफ्फी के साथ गोवा के 22 वर्षों के जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दौरान गोवा फिल्म उद्योग के एक महत्वपूर्ण वैश्विक केंद्र के रूप में उभरा है।
उन्होंने कहा कि लगभग 90 देशों की भागीदारी ने नौ दिवसीय इस महोत्सव को वैश्विक सिनेमा के उत्सव में बदल दिया। सिनेमा को सभी के लिए सुलभ और समावेशी बनाने के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने युवा दर्शकों को विभिन्न भाषाओं और संस्कृतियों की फिल्मों को देखने तथा उनके माध्यम से दुनिया भर के सिनेमा से जुड़ने का दायरा बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
फिल्म निर्माण और रचनात्मक उद्योग के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरने की गोवा की आकांक्षा दोहराते हुए उन्होंने कहा, “हमारी आकांक्षाएं केवल फिल्म महोत्सव के आयोजन तक सीमित नहीं हैं। हम ऐसा अनुकूल परिवेश तैयार करना चाहते हैं, जहां फिल्मों का विकास और निर्माण हो तथा उन्हें भारत और दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाया जा सके।”
उन्होंने कोंकणी सिनेमा को अधिक पहचान दिलाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। साथ ही, राज्य में फिल्म निर्माण से जुड़ी शिक्षा, कौशल विकास और रचनात्मक उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया। गोवा की परिकल्पना को संक्षेप में प्रस्तुत करते हुए उन्होंने कहा, "मेक इन गोवा, मेक फॉर द वर्ल्ड।"
मुख्यमंत्री ने पुरस्कार विजेताओं और फिल्म जगत से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी। उन्होंने भारत की क्रिएटिव इकोनॉमी को सशक्त बनाने में सहयोग के लिए भारत सरकार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव श्री चंचल कुमार ने भारतीय और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा को एक मंच पर लाने तथा फिल्मों की कहानियों को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने के अवसर उपलब्ध कराने में इफ्फी की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
उन्होंने बताया कि 86 देशों की 150 से अधिक अंतरराष्ट्रीय फिल्मों ने महोत्सव के नौ दिवसीय कार्यक्रम को समृद्ध बनाया। अंतरराष्ट्रीय सहयोग, ब्रिक्स फिल्मों की विशेष प्रस्तुति, उभरते फिल्मकारों के लिए की गई पहल और वेव्स फिल्म बाजार के 20वें संस्करण का उल्लेख करते हुए उन्होंने भारत की क्रिएटिव इकोनॉमी में उभरते अवसरों को रेखांकित किया।
उन्होंने इफ्फी और गोवा के बीच के विशेष जुड़ाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि फिल्म स्क्रीनिंग और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से सिनेमा स्थानीय समुदायों के और करीब पहुंचा है।
महोत्सव के प्रभाव को केवल आंकड़ों तक सीमित न मानते हुए उन्होंने कहा, “इफ्फी से लोग अपने साथ जो अनुभव लेकर जाते हैं, उसे केवल आंकड़ों में नहीं मापा जा सकता। यह किसी फिल्म की याद हो सकती है, किसी नए विचार से परिचय, बनी हुई कोई नई दोस्ती या ऐसा सहयोग, जो आने वाले कल की दिशा तय कर सकता है।”
फिल्मकारों और रचनाकारों को संदेश देते हुए उन्होंने अपनी बात समाप्त की। उन्होंने कहा, “यहां जिन फिल्मों का हमने उत्सव मनाया, वे दूर-दूर तक पहुंचें। यहां जिन युवा प्रतिभाओं को हमने पहचाना, उनकी आवाज और बुलंद हो। और दुनिया को प्रभावित करने वाली अगली महान कहानी का सफर भारत से शुरू हो।”
फेस्टिवल डायरेक्टर, श्री आशुतोष गोवारीकर ने नौ दिनों तक चले इस आयोजन के सफर को याद करते हुए कहा कि यह कहानियों, भावनाओं और सांस्कृतिक जुड़ाव का एक अनूठा अनुभव रहा। ‘स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स’ की भावना को व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, “सिनेमा में हमें एक-दूसरे से जोड़ने की अद्भुत क्षमता है। हम साथ हंसते हैं, साथ रोते हैं और देखते ही देखते सारी सीमाएं मिट जाती हैं।”
इस संस्करण के कार्यक्रमों की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल 15 फिल्मों, ‘सिनेमा ऑफ द वर्ल्ड’ श्रेणी की 35 फिल्मों, फीचर एनीमेशन की वापसी, सिनेमा पर आधारित फिल्मों के लिए एक नए खंड और सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज (ओटीटी) पुरस्कार की शुरुआत का उल्लेख किया।
उन्होंने आंद्रेई तारकोव्स्की की जन्मशती पर दी जाने वाली श्रद्धांजलि, महोत्सव में साझेदार देशों के रूप में स्पेन और रूस की भागीदारी, 22 ब्रिक्स देशों की फिल्मों के प्रदर्शन और वेव्स फिल्म बाजार के 20वें संस्करण की ओर भी भी ध्यान आकर्षित किया।
सिनेमा की उस क्षमता पर जोर देते हुए, जो लोगों को सोचने पर प्रेरित करती है और अनसुनी आवाज़ों को मंच देती है, उन्होंने कहा, "कभी-कभी, सिनेमा को सवाल उठाने चाहिए, समाज के सामने आईना रखना चाहिए और हमें हमारी साझा इंसानियत याद दिलानी चाहिए।"
इफ्फी के साथ अपने जुड़ाव को सौभाग्य और सम्मान बताते हुए श्री गोवारिकर ने इस बात को दोहराया कि सिनेमा के जरिए विभिन्न संस्कृतियों, कहानियों और लोगों को एक साथ लाने में यह महोत्सव अहम भूमिका निभाता है।
एनएफडीसी के प्रबंध निदेशक श्री धीरज सिंह ने महोत्सव को सिनेमा के जादू का जश्न मनाने के लिए एक जीवंत मंच बनाने में सभी हितधारकों, प्रतिनिधियों और आगंतुकों के प्रयासों की सराहना की।
इफ्फी की अंतरराष्ट्रीय जूरी के अध्यक्ष आनंद एल. राय, ओटीटी जूरी के अध्यक्ष जमनादास मजीठिया और आईसीएफटी-यूनेस्को गांधी मेडल जूरी के अध्यक्ष मनोज कदम ने भी फेस्टिवल और जूरी की चर्चाओं को लेकर अपने विचार साझा किए।
वहां मौजूद गणमान्य व्यक्तियों में नेशनल फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के अध्यक्ष श्री जी. कृष्णकुमार, एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा की उपाध्यक्ष श्रीमती डेलिला एम. लोबो, सूचना और प्रसारण मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव श्री प्रभात, सूचना और प्रसारण मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव एवं वित्तीय सलाहकार श्री दीपक नारायण और एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा के सीईओ श्री दीपक बांदेकर शामिल थे।
सिनेमाई उत्कृष्टता का जश्न
57वें इफ्फी में, मुख्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता श्रेणी में, टियागो गुएडेस द्वारा निर्देशित फ्रेंच-पुर्तगाली सह-निर्माण फिल्म 'अकी' ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म के लिए प्रतिष्ठित गोल्डन पीकॉक पुरस्कार जीता। यह फिल्म 15 प्रतिस्पर्धी फिल्मों के बीच विजेता बनकर उभरी।
अंतरराष्ट्रीय जूरी ने इस फिल्म को एक सुकून देने वाली, सपनों जैसी दुनिया बताया। जूरी के अनुसार, भले ही इस फिल्म में आगे क्या होगा, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है, फिर भी यह दर्शकों को ऐसी जगह लगती है, जिससे वे खुद को जुड़ा हुआ महसूस करते हैं और वहां से जाना नहीं चाहते। जूरी ने फिल्म के मुख्य अभिनेता, दिवंगत मनोलो सोलो को भी श्रद्धांजलि दी और उनकी कलात्मक विरासत को याद किया।
जर्मन फिल्म निर्माता वोल्कर श्लोंडोर्फ ने अपनी फिल्म 'विजिटेशन' के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का सिल्वर पीकॉक पुरस्कार जीता।
जूरी ने फिल्म की बारीकियों और बेहतरीन शिल्पकारी की तारीफ करते हुए कहा: "'विजिटेशन' ने हमें अपनी हर छोटी-बड़ी बारीकी से प्रभावित किया। चाहे वह कलाकारों का शानदार अभिनय हो, बेहतरीन एडिटिंग हो या फिर प्रभावशाली लेकिन सूक्ष्म संगीत हो।"
श्लोंडोर्फ की ओर से यह पुरस्कार डायरेक्टर ऑफ फोटोग्राफी एक्सेल श्नेपाट और दूसरे को-डायरेक्टर ऑफ फोटोग्राफी कोनराड वाल्डमैन ने ग्रहण किया।
कन्नड़ फिल्म 'कांतारा: अ लीजेंड - चैप्टर 1' में अपने अभिनय के लिए ऋषभ शेट्टी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (पुरुष) का सिल्वर पीकॉक पुरस्कार मिला।
जूरी ने उनकी गहरी तीव्रता और भावनात्मक गहराई की प्रशंसा करते हुए कहा: “वे हंसते हैं, रोते हैं और हमें भावनाओं के एक पूरे सफर पर ले जाते हैं। उनका पूरा शरीर फिल्म के साथ एकाकार हो जाता है। वे खुद को पूरी तरह से कहानी में झोंक देते हैं। ऋषभ शेट्टी का यह प्रदर्शन इतना शानदार है कि यह महज़ अभिनय से कहीं ऊपर उठकर एक अनुभव बन जाता है।”
माया ओ'रूर्क को फिल्म 'द मेल्टडाउन' में मुख्य भूमिका निभाने के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (फीमेल) का 'सिल्वर पीकॉक' पुरस्कार मिला।
जूरी ने उनके सूक्ष्म और भावपूर्ण अभिनय की सराहना करते हुए कहा: “उनका मनमोहक अभिनय जिज्ञासा जगाता है और हमें सिनेमा के रहस्यों को खोजने के लिए प्रेरित करता है। अभिनेत्री और निर्देशक की असाधारण सोच के बीच के बेहतरीन तालमेल ने इस प्रदर्शन को और भी ऊंचा उठा दिया है।”
उनकी ओर से एनएफडीसी के प्रबंध निदेशक श्री धीरज सिंह ने यह पुरस्कार ग्रहण किया।
अर्जेंटीना की फिल्म 'द रिवर ट्रेन', जिसके निर्देशक लोरेंजो फेरो और लुकास ए. विग्नाले हैं, को उसकी कलात्मक उपलब्धि और अनोखी सिनेमाई अभिव्यक्ति के लिए स्पेशल जूरी अवार्ड (सिल्वर पीकॉक) दिया गया।
जूरी ने इस फिल्म को इसलिए सराहा, क्योंकि इसने एक बच्चे की नजर से सिनेमा को एक खेल के मैदान में बदल दिया और प्रयोगों के जरिए सिनेमा की सीमाओं को और आगे बढ़ाया। जूरी के प्रशस्ति-पत्र में कहा गया, “हम दोनों निर्देशकों की दूरदर्शी सोच और लुकास ए. विग्नाले की याद को सम्मान देते हैं।”
निर्देशकों की ओर से निर्माता वैलेंटाइन टोरे और अभिनेत्री रीटा पॉल्स ने पुरस्कार ग्रहण किया।
बेरेंजर थौइन को उनकी फिल्म द गोल्डन एज के लिए सर्वश्रेष्ठ डेब्यू फीचर फिल्म (निर्देशक) का सिल्वर पीकॉक पुरस्कार मिला।
जूरी ने फिल्म निर्माता की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कई वर्षों तक फैले एक 'पीरियड ड्रामा' की चुनौतियों को बखूबी पिरोया है। जूरी ने कहा: "किसी पहली फिल्म के लिए इतने लंबे समय तक फैले पीरियड ड्रामा की चुनौतियों से निपटना आम बात नहीं है, लेकिन इस फिल्म ने आर्काइव फुटेज और असली फुटेज को बहुत चतुराई से मिलाकर हर मुश्किल को पार कर लिया।"
थौइन की ओर से उनके भाई सेलेस्टे थौइन ने यह पुरस्कार लिया, जिन्होंने इस फिल्म का संगीत भी तैयार किया था।
इस शाम एक और महत्वपूर्ण विजेता डॉ. विशाल चतुर्वेदी रहे, जिन्हें भारतीय पैनोरमा खंड में उनकी फिल्म हनुमान अंश के लिए भारतीय फीचर फिल्म के सर्वश्रेष्ठ डेब्यू निर्देशक का पुरस्कार मिला।
जूरी ने फिल्म निर्माता की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने बहुत ही सरल कहानी के जरिए संस्कृति, आस्था और संगीत को एक साथ पिरोया है। प्रशस्ति पत्र में कहा गया: "बजट मायने नहीं रखता, असल में कंटेंट मायने रखता है। हम डॉ. विशाल चतुर्वेदी को उनकी पहली फिल्म हनुमान अंश में सिनेमा के इसी मूल आधार को समाहित करने के लिए सम्मानित करते हैं।"
रॉबी ग्रेवाल द्वारा निर्देशित, प्रभलीन संधू द्वारा रचित और ऑलमाइटी मोशन पिक्चर द्वारा निर्मित हिंदी डॉक्यूड्रामा सीरीज 'मेड इन इंडिया: अ टाइटन स्टोरी' ने 57वें इफ्फी में बेस्ट वेब सीरीज (ओटीटी) का पुरस्कार जीता। यह सीरीज अमेज़न MX प्लेयर पर स्ट्रीम हो रही है।
उद्यमशीलता, दृढ़ता और दूरदृष्टि को दर्शाने के लिए, ओटीटी जूरी ने सफलता की कहानियों को सामने लाने के महत्व पर जोर दिया, खासकर उन कहानियों को, जो भारत की औद्योगिक उपलब्धियों को बयां करती हैं। जूरी ने कहा कि यह सीरीज महत्वाकांक्षा और संकल्प की भावना को बखूबी दिखाती है, जो पूरे भारत में सपनों के सच होने और आकांक्षाओं के पूरा होने की और भी कहानियों के लिए रास्ता खोलती है।
अंतर्राष्ट्रीय जूरी ने कांतारा: अ लीजेंड-चैप्टर 1 को उसकी तकनीकी उपलब्धियों, दमदार संगीत और अनोखी कहानी कहने की शैली के लिए विशेष उल्लेख दिया।
जूरी ने इसके बारे में कहा: "एक साहसिक, भव्य और बेहद दिलचस्प सिनेमाई अनुभव, जिसमें हास्य का पुट भी शामिल है।"
फैसल सोयसल द्वारा निर्देशित तुर्की फीचर फिल्म 'रहमा' को प्रतिष्ठित आईसीएफटी-यूनेस्को गांधी मेडल 2026 से सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता, गोवा के फिल्म निर्माता, लेखक और अभिनेता आदित्य सुहास जंभाले को भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए 57वें इफ्फी में सम्मानित किया गया।
गोवा के थिएटर से लेकर राष्ट्रीय फिल्म उद्योग तक के उनके सफर को याद करते हुए, इस सम्मान के जरिए उनकी रचनात्मक दृष्टि और उपलब्धियों को सराहा गया। साथ ही, यह भारतीय सिनेमा में गोवा की प्रतिभाओं की बढ़ती उपस्थिति का भी जश्न था।
समापन समारोह में तीन सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने कार्यक्रम में रंग और लय भर दी। ये प्रस्तुतियां महोत्सव की थीम सीमाओं के पार कहानियां को दर्शाती थीं।
'ब्लूम: स्टोरीज दैट टेक रूट, स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' के तहत भारतीय और पश्चिमी नृत्य परंपराओं, समकालीन अभिव्यक्तियों और एरियल डांस का संगम देखने को मिला, जो अलग-अलग संस्कृतियों में कहानियों के पनपने को दर्शाता है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर गायक मिस्टिक पापिज़ ने 'व्हेन नेचर स्पीक्स, स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' पेश किया। उन्होंने अपनी फोर-ऑक्टेव आवाज़ के ज़रिए प्रकृति की ध्वनियों को जीवंत कर दिया। शाम के संगीत समारोह का समापन साउंड ऑफ सेलिब्रेशन के साथ हुआ, जिसमें कई तरह की लय और संगीत परंपराओं को एक साथ मिलाकर एक शानदार फिनाले पेश किया गया।
नौ दिन, अनगिनत कहानियाँ
सिनेमा के पर्दे से लेकर इसके कारोबार तक, 57वें इफ्फी ने फिल्म निर्माण के हर पहलू का जश्न मनाया। यहाँ एक ओर सिनेमाई विरासत को सम्मान दिया गया, तो दूसरी ओर नई प्रतिभाओं को भी बढ़ावा दिया गया।
इस महोत्सव की शुरुआत 'फादरलैंड' से हुई, 'आई मैटर' को मिड-फेस्टिवल फिल्म के रूप में दिखाया गया और समापन 'वी आर ऑल स्ट्रेंजर्स' के साथ हुआ। इसमें 86 देशों की 150 से अधिक अंतरराष्ट्रीय फिल्मों के साथ-साथ भारतीय पैनोरमा में 18 भाषाओं की 76 फिल्में प्रदर्शित की गईं। सम्मानित देश के रूप में स्पेन और साझेदार देश के रूप में रूस की भागीदारी ने महोत्सव के अंतरराष्ट्रीय स्वरूप को और मजबूत किया, जबकि ब्रिक्स शोकेस ने इसके सांस्कृतिक दायरे को और व्यापक बनाया।
फिल्म निर्माताओं की अगली पीढ़ी को तैयार करने के लिए, क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो के तहत 13 अलग-अलग विधाओं से 100 युवा प्रतिभागियों को एक साथ लाया गया। पेज से पिच तक नामक नई पहल ने उभरते पटकथा लेखकों के लिए नए रास्ते खोले।
20वें वेव्स फिल्म बाजार ने वैश्विक उद्योग के साथ संबंधों को और मजबूत किया। इसमें 54 देशों के 2,288 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 471 खरीदार भी शामिल थे। मास्टरक्लास, वर्कशॉप, फिल्म निर्माताओं के साथ बातचीत, रेट्रोस्पेक्टिव यानी पुरानी फिल्मों का विशेष प्रदर्शन, पुरानी क्लासिक फिल्मों का पुनर्निर्माण, शताब्दी सम्मान, भव्य प्रीमियर और गोवा के सिनेमा ने इस फिल्म महोत्सव को और भी समृद्ध बना दिया।
भले ही इफ्फी 2026 का समापन हो गया हो, लेकिन सिनेमा का पर्दा कभी नहीं गिरता। इसकी कहानियाँ दूर-दूर तक पहुँचती रहेंगी, इसका जादू लोगों के दिलों में बसा रहेगा और इसकी भावनाएं बिना किसी सीमा या बंधन के हमेशा जीवित रहेंगी।
IFFILOID के बारे में यहाँ पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1®=48
* * *
पीके/केसी/आरटी/डीवी/एनएस/डीके




