Skip to content
शनिवार, 21 नवंबर 2026
अनाइन न्यूज़
ब्रेकिंग
भारत

“बिकमिंग एक आध्यात्मिक यात्रा है, जो हर पल चलती रहती है”: 57वें इफ्फी में निर्देशक लीना यादव

स
द्वारा सुपर एडमिन
New Delhi · स्रोत: PIB · प्रकाशित:

भाषा संवाद के अनेक माध्यमों में से केवल एक माध्यम है, जबकि मानवीय भावनाएं भाषाई सीमाओं से परे होती हैं। यह बात फिल्मकार और लद्दाख पर आधारित नॉन-फीचर फिल्म बिकमिंग की निर्देशक सुश्री लीना यादव ने गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के दौरान एक प्रेस…

“बिकमिंग एक आध्यात्मिक यात्रा है, जो हर पल चलती रहती है”: 57वें इफ्फी में निर्देशक लीना यादव
फ़ोटो: PIB
शेयर करें

भाषा संवाद के अनेक माध्यमों में से केवल एक माध्यम है, जबकि मानवीय भावनाएं भाषाई सीमाओं से परे होती हैं। यह बात फिल्मकार और लद्दाख पर आधारित नॉन-फीचर फिल्म बिकमिंग की निर्देशक सुश्री लीना यादव ने गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के दौरान एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही। इंडियन पैनोरमा 2026 की उद्घाटन नॉन-फीचर फिल्म के रूप में चुनी गई बिकमिंग में लद्दाख की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं के माध्यम से एक आध्यात्मिक यात्रा को दर्शाया गया है।

स्थानीय और गैर-पेशेवर कलाकारों के साथ काम करने के अपने अनुभव साझा करते हुए सुश्री यादव ने बताया कि उन्होंने ज्यादातर हिंदी में संवाद किया, जबकि कई कलाकार लद्दाखी भाषा बोलते थे और उन्हें हिंदी की बहुत कम जानकारी थी। इसके बावजूद, भाषा की इस बाधा के बीच भी कलाकार अपने किरदारों की भावनाओं को समझने और उन्हें प्रभावी ढंग से पर्दे पर व्यक्त करने में सफल रहे। उन्होंने कहा कि इस अनुभव ने उन्हें यह एहसास कराया कि संवाद के लिए केवल शब्द ही जरूरी नहीं हैं, बल्कि दूसरों की बात ध्यान से सुनना, उनकी भावनाओं को समझना और संवेदनशीलता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

सुश्री लीना यादव द्वारा लिखित और निर्देशित फिल्म बिकमिंग की कहानी लद्दाख के एक छोटे लड़के अग्याल के इर्द-गिर्द घूमती है। उसका प्रकृति के साथ अनोखा जुड़ाव और पिछले जन्म से जुड़ी प्रतीत होने वाली यादें उसे प्राचीन लिकिर मठ तक ले जाती हैं। जब अग्याल एक पूजनीय रिमपोचे से जुड़ी वस्तुओं को पहचानने लगता है, तो मठ के भिक्षुओं को विश्वास होने लगता है कि संभवतः वही उस आध्यात्मिक गुरु का पुनर्जन्म है। यह फिल्म पुनर्जन्म, पहचान, नियति और अतीत तथा वर्तमान के बीच संबंध जैसे विषयों को सामने लाती है।

फिल्म को एक आध्यात्मिक अनुभव बताते हुए सुश्री यादव ने कहा कि बिकमिंग का विचार केवल इसके मुख्य किरदार की यात्रा तक सीमित नहीं है। यह मानव जीवन में निरंतर चलने वाली बदलाव की प्रक्रिया को दर्शाती है, जिसका कोई निश्चित अंत नहीं होता। उन्होंने यह भी बताया कि बौद्ध दर्शन और लद्दाख के अनूठे प्राकृतिक परिवेश का फिल्म की कहानी और उसे पर्दे पर प्रस्तुत करने के तरीके पर गहरा प्रभाव पड़ा है।

फिल्म के निर्माण की शुरुआत के बारे में बताते हुए इसके निर्माता एवं सिनेमैटोग्राफर श्री असीम बजाज ने कहा कि इस परियोजना का विचार उस समय आया, जब कठिन परिस्थितियों में कैमरे के उपकरणों की क्षमता को परखने का अवसर मिला। उन्होंने केवल उपकरणों का परीक्षण करने के बजाय लद्दाख में एक लघु फिल्म बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने सुश्री यादव को फिल्म की शुरुआत के लिए तीन आधार सुझाए—बिकमिंग शीर्षक, बौद्ध धर्म की दुनिया और फिल्म की पृष्ठभूमि के रूप में लद्दाख। धीरे-धीरे ये तीनों पहलू एक कहानी का रूप लेते गए। इस दौरान फिल्मकारों ने वहां के परिवेश और मिलने वाले स्थानीय लोगों से प्रेरणा लेकर कहानी को आगे बढ़ाया।

फिल्म के निर्माण की प्रक्रिया के बारे में बताते हुए फिल्मकारों ने कहा कि लद्दाख के बाहर से आए 19 सदस्यों की एक छोटी टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से स्क्रिप्ट तैयार की, गैर-पेशेवर कलाकारों का चयन किया और केवल 15 दिनों में फिल्म की शूटिंग पूरी की। इस अवधि में अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्र की जलवायु के अनुकूल ढलने में लगा समय भी शामिल था। सुश्री यादव ने बताया कि पूरी प्रक्रिया के दौरान परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालना जरूरी था। फिल्म की कहानी को आकार देने में वहां के स्थानीय परिवेश और लोगों की भी अहम भूमिका रही।

श्री बजाज ने बताया कि फिल्म में किसी भी तरह के विजुअल इफेक्ट्स का इस्तेमाल नहीं किया गया है। इसके बजाय लद्दाख के प्राकृतिक नजारों और वास्तविक लोकेशन पर की गई सिनेमैटोग्राफी के माध्यम से कहानी को पर्दे पर उतारा गया है। उस दौरान तापमान शून्य से लगभग 20 डिग्री सेल्सियस नीचे तक पहुंच गया था, जिससे फिल्म की टीम को काफी कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। हालांकि, विपरीत मौसम के बावजूद कैमरे के उपकरणों ने बिना किसी परेशानी के काम किया। दोनों फिल्मकारों ने कहा कि प्रकृति की विशालता और लद्दाख के लोगों के स्नेह एवं अतिथि-सत्कार ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया है।

फिल्मकारों ने पुनर्जन्म से जुड़ी स्थानीय मान्यताओं और बौद्ध परंपराओं पर भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने बताया कि इनसे फिल्म की पृष्ठभूमि में मौजूद मान्यताओं और सांस्कृतिक परिवेश को समझने में मदद मिली।

फिल्म के पोस्टर से जुड़ी एक दिलचस्प जानकारी साझा करते हुए सुश्री यादव ने बताया कि पोस्टर में लाल कपड़े में लिपटे एक छोटे लड़के की पीछे से दिखाई गई तस्वीर शूटिंग के दौरान अचानक कैमरे में कैद हुए एक दृश्य से ली गई है। उस समय कपड़े, परछाइयों और आसपास की रोशनी के अनूठे मेल से एक ऐसा दृश्य उभरा, जिसने फिल्मकारों के अनुसार बिकमिंग की मूल भावना को अपने भीतर समेट लिया।

सुश्री यादव और श्री बजाज दोनों ने इफ्फी 2026 के इंडियन पैनोरमा खंड की उद्घाटन गैर-फीचर फिल्म के रूप में बिकमिंग के चयन पर आभार व्यक्त किया। मानवीय रिश्तों, सांस्कृतिक परंपराओं और लद्दाख के प्राकृतिक परिवेश से आकार लेने वाली यह फिल्म दर्शकों को एक ऐसी कहानी से रूबरू होने का अवसर देती है, जो भाषा और भौगोलिक सीमाओं से परे है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस का संचालन श्री किरण मुरली ने किया।

पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस यहां देखें:

IFFILOID यहां पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

स्रोत: Press Information Bureau (PIB), Government of India — मूल स्रोत पढ़ें
यह सरकारी प्रेस विज्ञप्ति बिना बदलाव के प्रकाशित की गई है।
शेयर करें

संबंधित खबरें