Skip to content
शनिवार, 28 नवंबर 2026
अनाइन न्यूज़
ब्रेकिंग
भारत

57वें इफ्फी में 'कांतारा: अ लीजेंड - चैप्टर 1' के लिए ऋषभ शेट्टी ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (पुरुष) का 'सिल्वर पीकॉक' पुरस्कार जीता

स
द्वारा सुपर एडमिन
New Delhi · स्रोत: PIB · प्रकाशित:

अभिनेता-फिल्म निर्माता ऋषभ शेट्टी को 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में 'कांतारा: अ लीजेंड - चैप्टर 1' में उनके अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (पुरुष) के 'सिल्वर पीकॉक' पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार गोवा के मुख्यमंत्री श्री प्रमोद सावंत ने…

57वें इफ्फी में 'कांतारा: अ लीजेंड - चैप्टर 1' के लिए ऋषभ शेट्टी ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (पुरुष) का 'सिल्वर पीकॉक' पुरस्कार जीता
फ़ोटो: Graphic
शेयर करें

अभिनेता-फिल्म निर्माता ऋषभ शेट्टी को 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में 'कांतारा: अ लीजेंड - चैप्टर 1' में उनके अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (पुरुष) के 'सिल्वर पीकॉक' पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार गोवा के मुख्यमंत्री श्री प्रमोद सावंत ने प्रदान किया। इस अवसर पर सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव श्री चंचल कुमार और इफ्फी महोत्सव निदेशक श्री आशुतोष गोवारीकर भी मौजूद थे।

शेट्टी के अभिनय की गहराई और तीव्रता को देखते हुए, अंतर्राष्ट्रीय जूरी ने दर्शकों को भावनाओं के विभिन्न स्तरों से जोड़ने की उनकी क्षमता की प्रशंसा की। फिल्म की कहानी में उनके पूरी तरह से डूब जाने का जिक्र करते हुए जूरी ने कहा, "वे हंसते हैं, रोते हैं और हमें भावनाओं के एक सफर पर ले जाते हैं। उनका पूरा शरीर फिल्म के साथ तालमेल बिठाता है। वे खुद को पूरी तरह से कहानी में झोंक देते हैं। ऋषभ शेट्टी का यह शानदार अभिनय, अभिनय की सीमाओं से परे जाकर एक गहरा अनुभव बन जाता है।"

सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (पुरुष) के लिए दिया जाने वाला 'सिल्वर पीकॉक' पुरस्कार किसी फीचर फिल्म में पुरुष अभिनेता के बेहतरीन प्रदर्शन को मान्यता देता है। इस पुरस्कार में 'सिल्वर पीकॉक' (प्रतीक चिह्न), एक प्रमाण पत्र और 15 लाख रुपये की नकद राशि शामिल है।

'कांतारा: अ लीजेंड - चैप्टर 1' की कहानी

कदंब काल की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म 'कांतारा' के रहस्यमयी जंगल की घटनाओं को दर्शाती है। बांगरा के राजा विजयेन्द्र के जंगल में जाने और वहां उनकी मृत्यु हो जाने के बाद, उनके उत्तराधिकारी राजशेखर ने राज्य की सीमाओं को बंद कर दिया। कई वर्षों बाद, जंगल के मूल निवासी बर्मी ने प्रतिबंधित सीमा को पार किया और राज्य के अत्याचारों को देखा। जब क्रूर राजकुमार कुलशेखर ने जंगल की जनजातियों पर हमला किया, तो बर्मी ने न्याय और धर्म की लड़ाई के लिए अपने लोगों को एकजुट किया। यह संघर्ष विचारधारा, आस्था और नियति की एक महागाथा में बदल जाता है, जो दो संसारों के अंतिम भाग्य का फैसला करता है।

इफ्फीलॉईड यहाँ पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

स्रोत: Press Information Bureau (PIB), Government of India — मूल स्रोत पढ़ें
यह सरकारी प्रेस विज्ञप्ति बिना बदलाव के प्रकाशित की गई है।
शेयर करें

संबंधित खबरें