एनसीसीडीएफआई 2026 – नई दिल्ली में पहला दिन संपन्न; भारत के साइबर सुरक्षा और डिजिटल फोरेंसिक इकोसिस्टम को मजबूती
भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) के अंतर्गत कार्यरत राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईईएलआईटी) ने 16 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में तीसरे राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा, डिजिटल फोरेंसिक…

भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) के अंतर्गत कार्यरत राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईईएलआईटी) ने 16 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में तीसरे राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा, डिजिटल फोरेंसिक और ख़ुफ़िया जानकारी सम्मेलन' (एनसीसीडीएफआई 2026) के पहले दिन का सफलतापूर्वक समापन किया।
एनसीसीडीएफआई 2026 के पहले दिन, जिसकी थीम "साइबर सुरक्षित भारत: भारत के डिजिटल भविष्य को मजबूत करना" थी, नीति-निर्माता, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, कानून प्रवर्तन एजेंसियां, रक्षा कर्मी, न्यायिक प्रतिनिधि, साइबर सुरक्षा पेशेवर, उद्योग जगत के दिग्गज, शोधकर्ता और शिक्षाविद एक मंच पर साथ आए। इन सभी ने उभरते साइबर सुरक्षा परिदृश्य और डिजिटल अपराध व जांच से जुड़ी बढ़ती चुनौतियों पर चर्चा की।
सम्मेलन का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईईएलआईटी) के महानिदेशक और एनआईईएलआईटी डीम्ड यूनिवर्सिटी के कुलपति, प्रो. (डॉ.) एम. एम. त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे, जिनमें शामिल हैं: श्री रूपिन शर्मा आईपीएस, डीजीपी, नागालैंड; डॉ. संदीप मित्तल, आईपीएस, डीजीपी और अध्यक्ष, टीएनयूएसआरबी, तमिलनाडु सरकार; सुश्री ए. प्रतिभा आर्थिक सलाहकार, एमईआईटीवाई; श्री श्रीधर सी.वी., मिशन निदेशक, आंध्र प्रदेश राज्य क्वांटम मिशन-एपीएसक्यूएम, आंध्र प्रदेश सरकार; श्री अतुल त्रिपाठी, राष्ट्रीय समुद्री फाउंडेशन में मानद सहायक फेलो और श्री एल. लानुवाबंग, निदेशक, एनआईईएलआईटी कोहिमा।
साइबर सुरक्षा, डिजिटल फोरेंसिक और ख़ुफ़िया जानकारी विषय पर तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन (एनसीसीडीएफआई 2026) के उद्घाटन सत्र की शुरुआत श्री एल. लानुवाबांग के स्वागत भाषण से हुई, जिसने दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन की रूपरेखा तय कर दी। स्वागत भाषण में कोहिमा (2024) से गुवाहाटी (2025) और नई दिल्ली (2026) तक एनसीसीडीएफआई की यात्रा का जिक्र किया गया और एनआईईएलआईटी के महानिदेशक प्रो. (डॉ.) एम. एम. त्रिपाठी के नेतृत्व की सराहना की गयी। उन्होंने उभरते साइबर खतरों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों, संस्थागत सहयोग और नवाचार की आवश्यकता पर जोर दिया। सात तकनीकी सत्रों, 30 से अधिक वक्ताओं और 12 उद्योग भागीदारों वाले इस सम्मेलन का उद्देश्य भारत की साइबर सुरक्षा और डिजिटल फोरेंसिक क्षमताओं को मजबूत करना है, ताकि एक 'साइबर सुरक्षित भारत' का निर्माण किया जा सके।
मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईईएलआईटी) के महानिदेशक और एनआईईएलआईटी डीम्ड यूनिवर्सिटी के कुलपति, प्रो. (डॉ.) एम. एम. त्रिपाठी ने अपने उद्घाटन भाषण में कहा कि साइबर सुरक्षा अब केवल आईटी तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्राथमिकता बन गई है। इसमें कानून प्रवर्तन, बैंकिंग स्थिरता, महत्वपूर्ण अवसंरचना, जन विश्वास और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे कई पहलू शामिल हैं। उन्होंने एनआईईएलआईटी की प्रमुख पहलों का उल्लेख किया, जिनमें आईसीएसएएस, 'लाइव वेबसाइट अधिग्रहण उपकरण', 'साइबर अपराध प्रबंधन प्रणाली' और 'साइबरदक्ष' शामिल हैं। 'साइबरदक्ष' एक एआई-आधारित सहायक है, जिसे साइबर अपराध जांचकर्ताओं की मदद के लिए विकसित किया जा रहा है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि एनआईईएलआईटी डीम्ड यूनिवर्सिटी, आंध्र प्रदेश के अमरावती में 'क्वांटम और कृत्रिम बुद्धिमत्ता' के लिए एक समर्पित विश्वविद्यालय परिसर स्थापित करेगी। इसे इन उभरती तकनीकों के क्षेत्र में उच्च शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने तीन प्राथमिकताओं पर जोर दिया:
प्राथमिकता 1 - अपनी खुद की तकनीक निर्मित करना - एनआईईएलआईटी स्वदेशी साइबर सुरक्षा समाधान विकसित करने के लिए प्रयास कर रहा है, जिनमें आईसीएसएएस, लाइव वेबसाइट अधिग्रहण उपकरण, साइबर अपराध प्रबंधन प्रणाली और साइबरदक्ष शामिल हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एआई, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, डिजिटल फोरेंसिक और अन्य उभरती हुई तकनीकों में अपनी क्षमताओं को मजबूत करते हुए भारत को केवल तकनीक का उपभोक्ता बनने के बजाय, एक तकनीक निर्माता बनने की जरूरत है।
प्राथमिकता 2 - लोगों के कौशल और राष्ट्रीय कौशल का विकास - एनआईईएलआईटी उद्योग-अनुकूल शिक्षा, विशेष प्रशिक्षण और डिजिटल ज्ञान-प्राप्ति के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर कौशल की कमी को दूर करने में अहम भूमिका निभा रहा है। प्रमुख पहलों में बी.टेक, एम.टेक और पीएच.डी. कार्यक्रम, अमरावती में प्रस्तावित क्वांटम और एआई विश्वविद्यालय परिसर, 3.70 लाख से अधिक नामांकन वाली एनआईईएलआईटी डिजिटल यूनिवर्सिटी, और अहमदाबाद तथा गुवाहाटी में सेमीकंडक्टर एटीएमपी प्रशिक्षण सुविधाएं शामिल हैं। उन्होंने भविष्य के लिए तैयार कार्यबल बनाने के उद्देश्य से पुलिस, न्यायपालिका, सशस्त्र बलों और सरकारी अधिकारियों के बीच साइबर सुरक्षा और डिजिटल फोरेंसिक कौशल को मजबूत करने पर भी जोर दिया।
प्राथमिकता 3 - एक मजबूत राष्ट्रीय इकोसिस्टम का निर्माण - सरकारी एजेंसियों, कानून प्रवर्तन निकायों, शैक्षणिक संस्थानों और उद्योग जगत के बीच सहयोग के जरिए एक मजबूत राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा इकोसिस्टम बनाने का महत्व। उन्होंने संस्थागत साझेदारी और व्यावहारिक परिणामों को बढ़ावा देने के लिए एनसीसीडीएफआई 2026 में समझौता ज्ञापनों पर हुए हस्ताक्षर का उल्लेख किया।
श्री रूपिन शर्मा ने कोहिमा से गुवाहाटी और नई दिल्ली तक एनसीसीडीएफआई की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने नागालैंड पुलिस की साइबर-फोरेंसिक क्षमताओं को मजबूत करने, विशेष प्रशिक्षण देने और डिजिटल भर्ती प्रणालियों को विकसित करने में एनआईईएलआईटी कोहिमा के सहयोग की सराहना की।
डॉ. संदीप मित्तल ने बताया कि साइबर सुरक्षा इकोसिस्टम में इंसान ही सबसे कमजोर कड़ी होते हैं, चाहे वे अंतिम-उपभोक्ता (एंड-यूज़र) हों, सॉफ्टवेयर विकासकर्ता हों या प्रणाली प्रशासक। उन्होंने एक सफल और ज्ञानवर्धक सम्मेलन आयोजित करने के लिए एनआईईएलआईटी को बधाई दी, और पूरे देश में बड़े पैमाने पर संकाय विकास कार्यक्रम (एफडीपी) संचालित करने के एनआईईएलआईटी के प्रयासों की सराहना की।
सुश्री ए. प्रतिभा ने बड़े पैमाने पर कौशल विकास, संस्थागत क्षमता निर्माण और साइबर खतरों के प्रति समन्वित प्रतिक्रिया के माध्यम से भारत के साइबर सुरक्षा इकोसिस्टम को मजबूत करने के प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि 'साइबर सुरक्षित भारत', 'विकसित भारत 2047' और 'आत्मनिर्भर भारत' के लक्ष्य को हासिल करने के लिए, तकनीकी विशेषज्ञता के साथ-साथ नैतिकता, गोपनीयता और जिम्मेदार तकनीकी तौर-तरीकों का होना भी जरूरी है।
श्री श्रीधर सी.वी. ने पूरे देश में साइबर सुरक्षा जागरूकता को बढ़ावा देने और क्षमता निर्माण में एनआईईएलआईटी की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि एनआईईएलआईटी ने 1.6 करोड़ से अधिक लोगों को प्रशिक्षित किया है, जिनमें से एक बड़ी संख्या साइबर सुरक्षा के क्षेत्र से जुड़ी है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जहाँ डिजिटल अवसंरचना और उन्नत तकनीकों को विकसित करने में भारी निवेश किया जा रहा है, वहीं एक मजबूत साइबर सुरक्षा मानसिकता विकसित करके इन संपत्तियों को सुरक्षित रखने पर भी उतना ही ध्यान दिया जाना चाहिए।
श्री अतुल त्रिपाठी ने अपने संबोधन में इस बात पर जोर दिया कि साइबर सुरक्षा की शुरुआत व्यक्तिगत जागरूकता और जिम्मेदारी से होती है। आज की अत्यधिक जुड़ी हुई दुनिया में, हमारा व्यक्तिगत डेटा, डिजिटल फुटप्रिंट और ऑनलाइन व्यवहार ऐसी कमजोरियां बन सकते हैं, जिनका फायदा साइबर अपराधी और विरोधी उठा सकते हैं। अच्छी साइबर आदतों का पालन करना, संवेदनशील जानकारी की सुरक्षा करना, सोशल मीडिया पर बहुत अधिक जानकारी साझा करने से बचना और कमजोर समुदायों के बीच जागरूकता फैलाना हमारी सामूहिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए आवश्यक है।
एनआईईएलआईटी के निदेशक (योजना/कौशल विकास) डॉ. आलोक त्रिपाठी ने धन्यवाद प्रस्ताव दिया। उन्होंने सम्मेलन में अपनी बहुमूल्य भागीदारी और योगदान के लिए विशिष्ट अतिथियों, साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों, कानून प्रवर्तन एजेंसियों, शिक्षा जगत और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, वक्ताओं, शोधकर्ताओं, प्रतिनिधियों, मीडिया सदस्यों और एनआईईएलआईटी के सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
सम्मेलन के दौरान एनआईईएलआईटी और विभिन्न सहयोगी संगठनों के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए, जो संस्थागत और उद्योग सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इन समझौतों का उद्देश्य साइबर सुरक्षा और इससे जुड़ी उभरती तकनीकी क्षेत्रों में संयुक्त अनुसंधान, प्रौद्योगिकी विकास, विशेष प्रशिक्षण और ज्ञान साझा करने को बढ़ावा देना है। जिन संगठनों के साथ ये समझौता ज्ञापन किए गए, उनमें 'भारत भाषा इंटरफेस' (भाषिणी), 'अनुवादिनी' (एआई-आधारित अनुवाद प्लेटफॉर्म), इनगेज टेक्नोलॉजीज, क्यून्यू लैब्स प्राइवेट लिमिटेड, आईबीएम इंडिया, जवाहरलाल नेहरू प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय हैदराबाद (जेएनटीयूएच) और पैन आईआईटी एलुमनाई फाउंडेशन शामिल हैं।
सम्मेलन में एनआईईएलआईटी द्वारा नए डिजिटल ऐप - 'साइबरवाइटल्स' और 'नेट-अन्वेषक' लॉन्च किए गए। इसके साथ ही, 'साइबर कुश्ती 2026' - साइबर सुरक्षा और एआई हैकाथॉन की भी शुरुआत की गई। इसका उद्देश्य 'समीक्षा, हमला और बचाव' पर केंद्रित चुनौतियों के माध्यम से, साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में आने वाले पेशेवरों के बीच नवाचार, व्यावहारिक समस्या-समाधान और तकनीकी उत्कृष्टता को बढ़ावा देना है।
साइबरवाइटल्स मोबाइल ऐप एक साइबर सुरक्षा और गोपनीयता सुविधा है, जो जोखिम भरी अनुमतियों, कंप्यूटर प्रणाली में अनाधिकार प्रवेश (मैलवेयर), असुरक्षित ऐप स्रोतों, पुराने ऐप्स और संभावित सुरक्षा खतरों का पता लगाता है। यह एआई-जनित कंटेंट के लिए छवियों का विश्लेषण भी करता है और बेहतर सत्यापन के लिए विश्वास स्कोर प्रदान करता है। रियल-टाइम नेटवर्क, ऐप गतिविधि और सूचना की निगरानी; संदिग्ध व्यवहार की पहचान करने में मदद करती है, साथ ही उपयोगकर्ता के डेटा को निजी बनाये रखती है।
एनआईईएलआईटी गोरखपुर द्वारा विकसित 'नेट-अन्वेषक' एक इन-हाउस नेटवर्क प्रशासन सुविधा है। यह एक ही एप्लिकेशन के माध्यम से डिवाइस की खोज, नेटवर्क की निगरानी, सुरक्षा मूल्यांकन और जांच की सुविधा देता है। इसमें पोर्ट स्कैनिंग, पीसी सुरक्षा विश्लेषण, अपटाइम मॉनिटरिंग और नेटवर्क से जुड़ी समस्याओं को सुलझाने के लिए भी उपकरण मौजूद हैं।
सम्मेलन के हिस्से के रूप में एक उद्योग प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जिसमें साइबर सुरक्षा, डिजिटल फोरेंसिक, ड्रोन तकनीक, निगरानी प्रणालियों और एआई-आधारित सुरक्षा से जुड़ी उन्नत तकनीकों, उत्पादों और समाधानों को प्रदर्शित किया गया। 12 उद्योग भागीदारों और ज्ञान साझेदारों ने साइबर सुरक्षा और डिजिटल फोरेंसिक के क्षेत्र में नवीन तकनीकों, उत्पादों और समाधानों का प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शनी ने उद्योग से जुड़े लोगों, विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों के बीच तकनीकी प्रदर्शन, नेटवर्किंग और सहयोग को बढ़ावा दिया। प्रदर्शकों में तेलंगाना साइबर सिक्योरिटी ब्यूरो, एडीएफ सॉल्यूशंस, वर्टेक्सॉन लैब्स, स्टेलर, 4एन6केयर टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड, थर्ड आई टेक्नो सॉल्यूशंस, एमएसएबी, मैग्नेट फोरेंसिक्स, साइबरपीस, सेलेब्राइट आईएसएसी और फोरेंसिक्सगुरु के साथ-साथ एनआईईएलआईटी रोपड़ (एनडीयू), एनआईईएलआईटी डीम्ड यूनिवर्सिटी, एनआईईएलआईटी कोहिमा और एनआईईएलआईटी गोरखपुर शामिल थे। इस प्रदर्शनी ने उद्योग भागीदारों, सरकारी एजेंसियों, छात्रों और अन्य हितधारकों के लिए तकनीकी प्रदर्शन, ज्ञान के आदान-प्रदान और नेटवर्किंग हेतु एक आपसी संवाद आधारित मंच प्रदान किया।
इस सम्मेलन में कई तकनीकी सत्र, विशेषज्ञों की बातचीत और पैनल चर्चाएं आयोजित की गईं। इनमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़े साइबर खतरों, डिजिटल फोरेंसिक, महत्वपूर्ण अवसंरचना की सुरक्षा, साइबर ख़ुफ़िया जानकारी, घटना के प्रति प्रतिक्रिया, ब्लॉकचेन सुरक्षा, क्लाउड सुरक्षा, डिजिटल साक्ष्य, साइबर कानून और उभरती हुई तकनीकों जैसे अहम विषयों को शामिल किया गया। सरकारी एजेंसियों, कानून प्रवर्तन निकायों, रक्षा प्रतिष्ठानों, शैक्षणिक संस्थानों और प्रौद्योगिकी उद्योग के विशेषज्ञों ने आज की साइबर सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए अपने विचार, अनुभव और दृष्टिकोण साझा किए।
इस मंच के माध्यम से, एनआईईएलआईटी भारत सरकार के एक सुरक्षित, मजबूत और डिजिटल रूप से सशक्त राष्ट्र के विजन का समर्थन करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।







