Skip to content
शनिवार, 21 नवंबर 2026
अनाइन न्यूज़
ब्रेकिंग
भारत

एनिमेशन आधारित कहानी कहने की कला और भावनात्मक गहराई प्रदर्शित करने के लिए 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) 2026 में नई एनिमेशन श्रेणी की शुरुआत

स
द्वारा सुपर एडमिन
New Delhi · स्रोत: PIB · प्रकाशित:

हर संस्कृति और हर आयु वर्ग में एनिमेशन की एक अनूठी विशेषता रही है। यह साधारण चित्रों को ऐसी कहानियों में बदलने की क्षमता रखता है, जो दर्शकों के हृदय को गहराई से छू जाती हैं। अपने सिनेमाई दायरे का विस्तार करते हुए 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई), 2026 में…

एनिमेशन आधारित कहानी कहने की कला और भावनात्मक गहराई प्रदर्शित करने के लिए 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) 2026 में नई एनिमेशन श्रेणी की शुरुआत
फ़ोटो: Graphic
शेयर करें

हर संस्कृति और हर आयु वर्ग में एनिमेशन की एक अनूठी विशेषता रही है। यह साधारण चित्रों को ऐसी कहानियों में बदलने की क्षमता रखता है, जो दर्शकों के हृदय को गहराई से छू जाती हैं। अपने सिनेमाई दायरे का विस्तार करते हुए 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई), 2026 में एनिमेशन फिल्मों की एक नई समर्पित श्रेणी शुरू की जा रही है। इसका उद्देश्य एनिमेशन के माध्यम से कहानी कहने की कला और उसकी भावनात्मक गहराई को प्रदर्शित करना है। इस श्रेणी में जापान, फ्रांस, चीन, सिंगापुर और अमेरिका की पांच उत्कृष्ट अंतरराष्ट्रीय एनिमेटेड फीचर फिल्में शामिल की गई हैं। ये फिल्में न केवल दर्शकों को अपने दृश्य सौंदर्य से आकर्षित करेंगी, बल्कि उनकी भावनाओं को भी गहराई से व्यक्त करेंगी।

आधुनिक प्रेम संबंधों और सामाजिक विषाद की संवेदनशील कहानी प्रस्तुत करने वाली जापानी एनिमेटेड फिल्म चेरी एंड वर्जिन का निर्देशन मसानाओ कावाजिरी ने किया है। वर्ष 2026 की यह एनिमेटेड फीचर फिल्म रियो की कहानी है, जो 32 वर्षीय इरोटिक मंगा कलाकार है और महिलाओं से बातचीत करने में कठिनाई महसूस करता है। वहीं, 28 वर्षीय अमी को वास्तविक जीवन में पुरुषों से बातचीत करने में उतनी ही परेशानी होती है। अपने डर और प्रेम संबंधों के अनुभव की कमी के बावजूद दोनों की मुलाकात होती है। धीरे-धीरे वे एक-दूसरे को समझने लगते हैं और अपनी असुरक्षाओं पर काबू पाते हुए एक सच्चे रिश्ते से मिलने वाली सहज प्रसन्नता की अनुभूति करते हैं।

लाइव-एक्शन फुटेज और मंगा एनिमेशन के अनूठे मेल से बनी यह फिल्म सहज आत्मीयता और हास्य के साथ अपनी कहानी प्रस्तुत करती है। ओसाका यूनिवर्सिटी ऑफ आर्ट्स से स्नातक कावाजिरी को वर्ष 2018 में उनकी एनिमेटेड लघु फिल्म अ जापानी बॉय हू ड्रॉज़ के लिए विभिन्न फिल्म समारोहों में व्यापक सराहना मिली थी। इस फिल्म के माध्यम से उन्होंने एक ऐसी मिश्रित दृश्य शैली विकसित की, जिसे जापान और विदेशों में लगातार प्रशंसा मिल रही है।

समकालीन व्यंग्य को तीखे हास्य और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करने वाली फ्रांसीसी एनिमेटेड फिल्म जिम क्वीन का सह-निर्देशन निकोलस अथाने और मार्को गुयेन ने किया है। पेरिस की पृष्ठभूमि पर आधारित वर्ष 2026 की यह एनिमेटेड फीचर फिल्म जिम की कहानी है, जो एक लोकप्रिय फिटनेस इन्फ्लुएंसर है और शहर के समलैंगिक समुदाय में काफी प्रसिद्ध है। हालांकि, हेटेरोसिस नामक एक रहस्यमय वायरस के फैलने से उसकी दुनिया रातोंरात बदल जाती है। यह वायरस समलैंगिक पुरुषों को विषमलैंगिक बना देता है, जिसके कारण जिम अपने फॉलोअर्स, दोस्तों और सामाजिक प्रतिष्ठा को खो देता है। ऐसे समय में केवल लुसियन नाम का एक युवा उसके साथ खड़ा रहता है, जो उसका विश्वसनीय मित्र है, हालांकि वह स्वयं उतना लोकप्रिय नहीं है। जिम उसके साथ पेरिस के जीवंत स्ट्रीट की सड़कों पर ऐसे डॉक्टर की तलाश में निकल पड़ता है, जिसके बारे में कहा जाता है कि उसके पास इस वायरस का उपचार है। दोनों निर्देशकों ने एनिमेशन के प्रतिष्ठित संस्थान गोबेलिन्स से प्रशिक्षण प्राप्त किया है। अथाने इससे पहले रेमैन गेम्स, द रैबिस कैट और द रेड टर्टल जैसी परियोजनाओं पर काम कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने मिस्टर फ्लैप, स्टार्टअप हीरोज और पीपोडू जैसी एनिमेटेड सीरीज का सह-निर्देशन भी किया है। वहीं, गुयेन ने द रैबिस कैट, अर्नेस्ट एंड सेलेस्टीन और द समिट ऑफ द गॉड्स जैसी फिल्मों में अपने योगदान से समृद्ध दृश्यात्मक अनुभव अर्जित किया है।

तेजी से बदलती दुनिया में अकेलेपन, चाहत और भावनात्मक जुड़ाव की पड़ताल करने वाली चीनी एनिमेटेड फिल्म लाइट पिलर वर्ष, 2026 में प्रदर्शित होने वाली लेखक, निर्देशक और प्रोडक्शन डिजाइनर शू जाओ की पहली एनिमेटेड फीचर फिल्म है। भविष्य की ऐसी दुनिया में स्थित जहां अंतरिक्ष यात्रा सामान्य बात हो चुकी है, यह फिल्म झ़ा की कहानी बताती है। वह एक दिवालिया फिल्म स्टूडियो के परिसर की देखभाल करने वाला अकेला सफाईकर्मी है। उसे एक हरे-भरे वर्चुअल संसार में रहने वाली महिला से प्रेम हो जाता है। उसके साथ चंद्रमा पर जाने का टिकट खरीदने के लिए झ़ा अतिरिक्त समय तक काम करता है, लेकिन बाद में उसे पता चलता है कि उसका टिकट अमान्य है। इसी बीच एक फिल्म की टीम पुरानी स्टूडियो इमारत को फिल्म के अंतिम दृश्य की शूटिंग के लिए गिराने पहुंचती है। ऐसे में झ़ा एक मार्मिक निर्णय लेते हुए उसी दुनिया के साथ वहीं रहकर धीरे-धीरे विलीन होने का फैसला करता है, जिसे वह अब तक अपना एकमात्र संसार मानता आया है। वर्ष 1991 में चीन के आनशान में जन्मे शू जाओ ने बीजिंग फिल्म अकादमी से स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की है। उनकी एनिमेटेड लघु फिल्म नो चेंजेज हैव टेकन इन आवर लाइफ का अंतरराष्ट्रीय रॉटरडैम फिल्म महोत्सव (आईएफएफआर) में प्रीमियर हुआ था, जिसके लिए उन्हें अत्यधिक सराहना मिली थी।

सिंगापुर की ओर से प्रस्तुत चीनी भाषा की एनिमेटेड फिल्म मैजिक एटलस स्मृतियों और प्रतिरोध पर आधारित वर्ष 2026 की एक प्रभावशाली रूपकात्मक कहानी है। इसका निर्देशन सुन शुन ने किया है। फिल्म में लुओचा नामक एक अलग-थलग कोयला साम्राज्य में एक रहस्यमय जादूगर के आगमन से पहले से तनावग्रस्त समाज में भय और अशांति फैल जाती है। अनाथ बालक शियाओ झी के साथ जादूगर को गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया जाता है। मिमेंग उत्सव के दौरान, जिसे एक सरकारी अनुष्ठान के रूप में मनाया जाता है और जिसमें नागरिकों को उनका अतीत भुला दिया जाता है, जादूगर को सार्वजनिक रूप से आग के हवाले कर दिया जाता है। इससे ठीक पहले वह चुपके से बालक को एक जादुई एटलस सौंप देता है। वर्ष 1980 में चीन के फुक्सिन में जन्मे सुन शुन बीजिंग में रहने वाले कलाकार हैं और उन्होंने चाइना एकेडमी ऑफ फाइन आर्ट्स से स्नातक की उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने वर्ष 2005 में π एनिमेशन स्टूडियो की स्थापना की थी। उनकी कृतियां वेनिस और बर्लिन फिल्म समारोहों में प्रदर्शित हो चुकी हैं। मैजिक एटलस लोकार्नो और टोक्यो फिल्म समारोहों की प्रतियोगिता श्रेणियों में शामिल होने के बाद अब आईएफएफआई में प्रदर्शित की जाएगी।

इस एनिमेशन श्रेणी की अंतिम फिल्म अमेरिकी एनिमेटेड फीचर फिल्म रे गन है, जिसका निर्देशन वर्ष 2026 में अकादमी पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता ब्रैड बर्ड ने किया है। अंग्रेजी भाषा की यह फिल्म भविष्य के महानगर मेट्रोपिया की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जहां मनुष्य और एलियन साथ रहते हैं। उड़ने वाली कारों से भरे आसमान और हर वस्तु की कीमत चुकाने वाली इस दुनिया की चमक-दमक के पीछे व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार छिपा हुआ है। इसी परिवेश में रे गन नाम का एक पारंपरिक सोच वाला निजी जासूस अपनी पहचान और मूल्यों को बचाए रखने के लिए संघर्ष कर रहा है। ऐसे समय में, जब उसकी पेशेवर भूमिका को अप्रासंगिक माना जाने लगा है, वह अपने करियर के सबसे बड़े मामले में उलझ जाता है। लेखक, निर्देशक, निर्माता और वॉयस एक्टर के रूप में दुनियाभर में पहचान बना चुके ब्रैड बर्ड अपनी फिल्मों में भावनाओं, हास्य और रोमांच का सहज समन्वय करते हैं। द इनक्रेडिबल्स, रैटाटुई और मिशन: इम्पॉसिबल – घोस्ट प्रोटोकॉल जैसी चर्चित फिल्मों के माध्यम से उन्होंने कहानी कहने की जिस विशिष्ट कला का परिचय दिया है, वही इस रेट्रो-फ्यूचरिस्टिक एनिमेटेड नॉयर फिल्म में भी देखने को मिलेगी।

इस नई श्रेणी के माध्यम से 57वां भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) 2026 दर्शकों को एनिमेशन के माध्यम से प्रस्तुत कहानियों से आगे बढ़कर उन्हें अपनी आशाओं, कमजोरियों और साझा मानवीय संवेदनाओं का आत्मीय प्रतिबिंब देखने का अवसर प्रदान करता है।

भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के बारे में

वर्ष 1952 में स्थापित भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव एशिया के सबसे पुराने और प्रमुख अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में से एक है। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा गोवा सरकार और एंटरटेनमेंट सोसाइटी ऑफ गोवा के सहयोग से आयोजित यह महोत्सव विश्व सिनेमा की उत्कृष्ट फिल्मों को प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय फिल्मों और प्रतिभाओं को वैश्विक मंच पर बढ़ावा देता है। गोवा में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह महोत्सव रचनात्मक आदान-प्रदान, नई प्रतिभाओं की खोज और सिनेमा के माध्यम से सांस्कृतिक समझ को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण मंच है।

* * *

पीके/केसी/आरटी/एसकेजे/एनजे

स्रोत: Press Information Bureau (PIB), Government of India — मूल स्रोत पढ़ें
यह सरकारी प्रेस विज्ञप्ति बिना बदलाव के प्रकाशित की गई है।
शेयर करें

संबंधित खबरें