केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह 22 नवंबर, 2026 को अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में सहकारिता समारोह में भाग लेंगे तथा राज्य की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह रविवार, 22 नवंबर, 2026 को अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर स्थित दोर्जी खांडू राज्य कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सहकारिता समारोह में भाग लेंगे तथा राज्य की विभिन्न विकास योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के…

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह रविवार, 22 नवंबर, 2026 को अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर स्थित दोर्जी खांडू राज्य कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सहकारिता समारोह में भाग लेंगे तथा राज्य की विभिन्न विकास योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में सहकारी क्षेत्र को सशक्त, आत्मनिर्भर और समावेशी बनाने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण होगा। समारोह में सहकारी संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण, ग्रामीण आजीविका के विस्तार, महिला सशक्तिकरण, वित्तीय समावेशन तथा राज्य के समग्र विकास से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण पहल की जाएंगी।समारोह में अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री पेमा खांडू, केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री श्री किरेन रिजिजू, अरुणाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री चौना में, अरुणाचल प्रदेश के कृषि मंत्री श्री गैब्रियल डेनवांग वांगसू सहित कई गणमान्य व्यक्ति भी शामिल होंगे।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह इस अवसर पर अरुणाचल प्रदेश की विभिन्न महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का शुभारंभ भी करेंगे। इनमें ₹1,500 करोड़ की लागत वाला ‘मिशन शिक्षित अरुणाचल–फेज II’, ₹2,000 करोड़ की लागत वाला ‘मुख्यमंत्री समग्र राज्य विद्युत विकास कार्यक्रम’ तथा ₹2,000 करोड़ की लागत वाला ‘मुख्यमंत्री समग्र राज्य ग्रामीण सड़क विकास कार्यक्रम’ शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के अंतर्गत राज्य के 11 सीमावर्ती जिलों में ₹110.95 करोड़ की लागत वाली 199 परियोजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा। श्री अमित शाह ‘मिशन सुरक्षा’ (Mission SURAKSHA) का भी शुभारंभ करेंगे। इन पहलों का उद्देश्य राज्य में शिक्षा, विद्युत एवं सड़क अवसंरचना, सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास तथा जनकल्याण से जुड़ी सुविधाओं को सुदृढ़ करना है।
सहकारी क्षेत्र में आधारभूत अवसंरचना और बाजार तक पहुंच को मजबूत बनाने की दिशा में भी इस अवसर पर महत्वपूर्ण पहल की जाएंगी। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह अन्न भंडारण योजना के अंतर्गत रागा LAMPS में निर्मित अन्न भंडारण गोदाम का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन करेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर भंडारण सुविधाओं को मजबूत बनाने और सहकारी संस्थाओं की भूमिका का विस्तार करने में सहायता मिलेगी। इसके साथ ही श्री अमित शाह अरुणाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (ArSRLM) के उत्पादों के लिए ई-कॉमर्स वेबपेज की शुरुआत करेंगे। इस पहल से ग्रामीण उत्पादों को डिजिटल माध्यम से व्यापक बाजार उपलब्ध कराने और महिला स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देने में सहायता मिलने की अपेक्षा है।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ‘अरुणाचल प्रदेश कोऑपरेटिव विजन 2047’ का अनावरण करेंगे। यह विजन दस्तावेज राज्य में सहकारी आंदोलन के दीर्घकालिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगा। श्री अमित शाह विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सहकारी समितियों को सम्मानित भी करेंगे। इसके अंतर्गत नामसाई डेयरी सहकारी समिति को ‘सहकारिता सम्मान पुरस्कार’, लोअर सुबनसिरी मत्स्य कृषक सहकारी समिति को सर्वश्रेष्ठ मत्स्य सहकारी समिति, केमली LAMPS को सर्वश्रेष्ठ हथकरघा, वस्त्र एवं बुनकर सहकारी समिति तथा जांग LAMPS को सर्वश्रेष्ठ PACS/LAMPS के रूप में सम्मानित किया जाएगा।
सहकारी संस्थाओं की वित्तीय क्षमता और गतिविधियों को विस्तार देने के उद्देश्य से समारोह में विभिन्न सहकारी समितियों को वित्तीय सहायता एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस अवसर पर राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (NCDC) द्वारा लागुन बहुउद्देशीय सहकारी समिति लिमिटेड को ऋण प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड (BBSSL) द्वारा सब्जियों के बीज के मिनीकिट वितरित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, नाबार्ड द्वारा पोमा जूट डेयरी एंड लाइवस्टॉक कोऑपरेटिव सोसाइटी को माइक्रो-एटीएम प्रदान किया जाएगा, जबकि अरुणाचल प्रदेश राज्य सहकारी एपेक्स बैंक लिमिटेड द्वारा वाकरो LAMPS को ऋण प्रमाण पत्र दिया जाएगा। महिला स्वयं सहायता समूहों के क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) से गठित खामयेर आने बहुउद्देशीय सहकारी समिति लिमिटेड को पंजीकरण प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा। इन पहलों से सहकारी संस्थाओं की वित्तीय पहुंच, संस्थागत क्षमता और आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की अपेक्षा है।
समारोह के प्रारंभ में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह मोबाइल मेडिकल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे तथा सरस मेले का उद्घाटन करेंगे। वे मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन करेंगे और महिला स्वयं सहायता समूहों तथा सहकारी समितियों के सदस्यों के साथ बातचीत करेंगे। यह अवसर स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक शिल्प, महिला उद्यमिता और सहकारी संस्थाओं की गतिविधियों को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच होगा।
अरुणाचल प्रदेश में आयोजित यह समारोह सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने, स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग, महिला नेतृत्व वाले उद्यमों को प्रोत्साहित करने और सहकारी संस्थाओं को आधुनिक वित्तीय एवं डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर होगा। शिक्षा, विद्युत, सड़क और सीमावर्ती क्षेत्रों से जुड़ी विकास परियोजनाओं का शुभारंभ राज्य के समावेशी एवं संतुलित विकास को नई गति प्रदान करने में सहायक होगा।




