पावेल पावलिकोव्स्की की फादरलैंड के भारत प्रीमियर के साथ 57वें इफ्फी की शुरुआत हुई, यह फिल्म दर्शकों को युद्ध के बाद बंटे हुए जर्मनी से रूबरू कराती है
युद्ध से आहत, विचारधारा के आधार पर बंटे और अपने अतीत के बोझ से जूझ रहे एक देश की कहानी के साथ, आज गोवा में 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) की शुरुआत हुई। जाने-माने फिल्म निर्माता पावेल पावलिकोव्स्की की फिल्म फादरलैंड (ओज्किज़ना) के भारत प्रीमियर के साथ इस नौ…

युद्ध से आहत, विचारधारा के आधार पर बंटे और अपने अतीत के बोझ से जूझ रहे एक देश की कहानी के साथ, आज गोवा में 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) की शुरुआत हुई। जाने-माने फिल्म निर्माता पावेल पावलिकोव्स्की की फिल्म फादरलैंड (ओज्किज़ना) के भारत प्रीमियर के साथ इस नौ दिवसीय महोत्सव का आगाज़ हुआ। यह फिल्म दर्शकों को शीत युद्ध की शुरुआत के समय, युद्ध के बाद के जर्मनी की एक मार्मिक तस्वीर दिखाती है।
ऑस्कर विजेता फिल्मकार द्वारा निर्देशित इस ब्लैक-एंड-व्हाइट फिल्म में इतिहास, पारिवारिक रिश्तों और बंटे हुए देश की जटिलताओं को पिरोया गया है। यह कहानी नोबेल पुरस्कार विजेता जर्मन लेखक थॉमस मान और उनकी बेटी एरिका के इर्द-गिर्द घूमती है। इस फिल्म के दौरान INOX के सभी स्क्रीनिंग हॉल दर्शकों से खचाखच भरे रहे और दर्शकों के इस उत्साह ने नौ दिवसीय इस महोत्सव की एक शानदार शुरुआत की।
स्क्रीनिंग से पहले, फादरलैंड की निर्माता सुश्री इवा पुस्ज़िन्स्का, नई दिल्ली में पोलैंड दूतावास के मिशन प्रमुख श्री प्योत्र एंटोनी स्वितल्स्की और नई दिल्ली स्थित पोलिश इंस्टीट्यूट की निदेशक सुश्री मालगोरज़ाता वेजिस-गोलेबियाक ने पणजी के INOX में रेड कार्पेट पर मौजूदगी दर्ज कराई।
फिल्म के बारे में बात करते हुए, सुश्री ईवा पुस्ज़िन्स्का ने बताया कि कैसे इस फिल्म को बनाने की प्रक्रिया में ही इफ्फी की थीम की भावना झलकती है। उन्होंने कहा कि भले ही फादरलैंड एक जर्मन लेखक और जर्मन लोगों की कहानी जर्मन भाषा में बयां है, लेकिन इसे पूरी तरह से पोलिश लोगों के भावनाओं के साथ बनाया गया है। उन्होंने कहा कि यह बात महोत्सव के विचार बिना सीमाओं वाली कहानियाँ को दर्शाती है।
श्री प्योत्र एंटोनी स्वितल्स्की ने कहा कि भारत और पोलैंड के बीच दोस्ती कई स्तरों पर बढ़ रही है, लेकिन संस्कृति इसका सबसे मजबूत आधार बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पावेल पावलिकोव्स्की ने पारंपरिक पोलिश फिल्म निर्माण शैली में एक नया दृष्टिकोण और नजरिया जोड़ा है।
अतिथियों का स्वागत करते हुए सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव श्री चंचल कुमार ने कहा कि फादरलैंड पोलैंड और भारत के बीच रचनात्मक संबंधों का जश्न मनाने का एक विशेष अवसर प्रदान करता है। इस अवसर पर इफ्फी के फेस्टिवल डायरेक्टर श्री आशुतोष गोवारिकर, नेशनल फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के चेयरमैन श्री जी. कृष्णकुमार और इफ्फी के आर्टिस्टिक डायरेक्टर श्री पंकज सक्सेना भी मौजूद थे।
बंटे हुए जर्मनी में एक पिता-पुत्री का सफर
1949 की गर्मियों में, शीत युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित फादरलैंड थॉमस मान और उनकी बेटी एरिका की कहानी है, जो अमेरिका में 16 साल के निर्वासन के बाद जर्मनी लौटते हैं। दूसरे विश्व युद्ध की तबाही झेल रहे देश में एक काली ब्यूक कार से सफर करते हुए, यह पिता-पुत्री की जोड़ी अमेरिका के नियंत्रण वाले फ्रैंकफर्ट से सोवियत संघ के नियंत्रण वाले वीमर तक का सफर तय करती है।
मान के लिए, यह वापसी सिर्फ घर लौटने से कहीं बढ़कर है। यह एक ऐसे वतन का सामना करना है, जो युद्ध की वजह से बदल गया है और अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं के टकराव के कारण बंट गया है। जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, देश के ये बंटवारे मान परिवार की उलझनों में भी झलकने लगते हैं। इससे अपनापन, पहचान, यादें और सुलह जैसे सवाल गहराई से सामने आते हैं।
सैंड्रा हुलर और हैंस ज़िशलर की मुख्य भूमिकाओं वाली यह 82 मिनट की फिल्म पोलैंड, जर्मनी, इटली और फ्रांस का संयुक्त निर्माण है। इस साल इसे कान, सैन सेबेस्टियन और टेलुराइड जैसे कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में प्रदर्शित किया गया है। इस फिल्म के लिए पावलिकोव्स्की को कान फिल्म समारोह में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला।
🎬IFFI 2026 | The celebrations begin with a red carpet welcome!✨ A glimpse of the cast and crew of the film 'Fatherland', as they make their way to the opening #IFFI📽️ #57IFFI #IFFI2026 #StoriesWithoutBorders @IFFIGoa @MIB_India (1/2)
— PIB India (@PIB_India) November 20, 2026
🎬 IFFI 2026 | रेड कार्पेटवर जल्लोषात स्वागत, चित्रपट महोत्सवाचा दिमाखदार शुभारंभ! ✨ चित्रपट ‘फादरलँड’च्या कलाकार आणि चमूची खास झलक! 57 व्या आंतरराष्ट्रीय चित्रपट महोत्सवाच्या (IFFI) उद्घाटन सोहळ्यासाठी रेड कार्पेटवर आगमन करताना चित्रपटाच्या संपूर्ण टीमचा उत्साह पाहायला मिळाला. 📽️ #57IFFI #IFFI2026 #StoriesWithoutBorders @IFFIGoa @MIB_India (1/2)
— PIB in Goa 🇮🇳 (@PIB_Panaji) November 20, 2026
* * *
पीके/केसी/आरटी/एनएस/डीए




