Skip to content
शनिवार, 21 नवंबर 2026
अनाइन न्यूज़
ब्रेकिंग
भारत

“मुझे किसी और के पैमानों के हिसाब से बेहतर क्यों होना चाहिए?”: गिरीश कासरवल्ली ने इफ्फी 57 में सांस्कृतिक प्रमाणिकता की वकालत की

स
द्वारा सुपर एडमिन
New Delhi · स्रोत: PIB · प्रकाशित:

गिरीश कासरवल्ली के लिए सिनेमा केवल कहानियां सुनाने की कला नहीं है, बल्कि यह उन कहानियों का सामना करने का साहस है, जिन्हें समाज देखने से इनकार कर देता है। जाति और सामाजिक पदानुक्रम से लेकर धार्मिक वर्चस्व और कमजोर समुदायों को हाशिए पर धकेलने तक, 'दूसरों को अलग मानने' की प्रक्रिया…

“मुझे किसी और के पैमानों के हिसाब से बेहतर क्यों होना चाहिए?”: गिरीश कासरवल्ली ने इफ्फी 57 में सांस्कृतिक प्रमाणिकता की वकालत की
फ़ोटो: PIB
शेयर करें

गिरीश कासरवल्ली के लिए सिनेमा केवल कहानियां सुनाने की कला नहीं है, बल्कि यह उन कहानियों का सामना करने का साहस है, जिन्हें समाज देखने से इनकार कर देता है। जाति और सामाजिक पदानुक्रम से लेकर धार्मिक वर्चस्व और कमजोर समुदायों को हाशिए पर धकेलने तक, 'दूसरों को अलग मानने' की प्रक्रिया उनके पांच दशक लंबे सिनेमाई सफर में हमेशा से एक अहम विषय रही है। गोवा की कला अकादमी में आज, भारत के 57वें अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के दौरान आयोजित 'इन कन्वर्सेशन' सत्र- 'द मोरल यूनिवर्स ऑफ पैरेलल सिनेमा: 50 इयर्स ऑफ गिरीश कासरवल्ली' में इसी विचारधारा पर मुख्य रूप से चर्चा हुई।

1977 में अपनी पहली फिल्म घटश्रद्धा  से लेकर तबरना कथे, थायी साहेबा और द्वीपा जैसी प्रशंसित फिल्मों तक के अपने शानदार सिनेमाई सफर को याद करते हुए, कन्नड़ सिनेमा के इस दिग्गज और 14 बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीतने वाले फिल्मकार ने कमर्शियल और आर्ट-हाउस सिनेमा के बीच के पारंपरिक विभाजन को चुनौती दी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि हर सिनेमाई अभिव्यक्ति के पीछे एक वैचारिक दृष्टिकोण होता है। उन्होंने कहा, "सिर्फ मनोरंजन जैसी कोई चीज नहीं होती। मनोरंजन भी अपने आप में एक राजनीतिक रूप है।" उन्होंने इस बात को रेखांकित किया कि फिल्म निर्माता अनजाने में ही सही, लेकिन समाज की प्रचलित विचारधाराओं का या तो समर्थन करते हैं या फिर उन्हें चुनौती देते हैं।

नए कन्नड़ सिनेमा के विकास पर चर्चा करते हुए, उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि हमें ऐसी देसी सिनेमाई भाषा विकसित करने की ज़रूरत है, जो उधार लिए गए ढांचों के बजाय भारत की सामाजिक और सांस्कृतिक वास्तविकताओं पर आधारित हो। उन्होंने कहा, "किसी फ़िल्म पर कोई शैली थोपी नहीं जाती, बल्कि वह उसके कंटेंट के भीतर से ही निकलकर आती है।" अपनी कहानी कहने की शैली के दर्शन को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा, "कहानी का कथानक उतना महत्वपूर्ण नहीं होता है, जितना कि उस कहानी का दृष्टिकोण महत्वपूर्ण होता है।" उन्होंने अदरिंग यानी कमज़ोर समुदायों को हाशिए पर धकेलने और उन्हें मुख्यधारा से बाहर रखने की विचारधारा को एक ऐसी समस्या बताया, जो उनकी फ़िल्मों में बार-बार देखने को मिलती है।

सरल नैतिक निष्कर्षों को खारिज करते हुए, कासरवल्ली ने समझाया कि सिनेमा को कोई फैसला सुनाने के बजाय सोचने पर मजबूर करना चाहिए। लेखक यू.आर. अनंतमूर्ति के इस दर्शन का जिक्र करते हुए कि हर जवाब को एक 'लेकिन' के साथ खत्म करना चाहिए, उन्होंने कहा, "किसी फिल्म के जरिए यह कहना कि 'यह सही है, यह गलत है', अपने आप में ही गलत है। मैं कोई आसान फैसला नहीं सुनाता, क्योंकि इससे दर्शकों को सोचने पर मजबूर होना पड़ता है।"

इस बातचीत में उनकी फिल्मों में महिलाओं के चित्रण और उनकी अद्भुत सहनशक्ति पर भी चर्चा हुई। द्वीपा  फिल्म का जिक्र करते हुए, उन्होंने मुख्य पात्र 'नागी' के विपरीत परिस्थितियों से निपटने के व्यावहारिक नजरिए को रेखांकित किया और उसके ये शब्द याद किए: "मुझे अपने वर्तमान को सुखद बनाने दो।" उन्होंने गौर किया कि महिलाएं अक्सर बदलती परिस्थितियों के साथ तालमेल बिठाने और जीवन की अनिश्चितताओं का सामना करने की असाधारण क्षमता दिखाती हैं।

अपनी रचनात्मक प्रक्रिया के बारे में बताते हुए, कासरवल्ली ने कहा कि वे स्टोरीबोर्ड की तुलना में बहुत बारीकी से लिखी गई स्क्रिप्ट को ज्यादा पसंद करते हैं, जिससे उनके सहयोगी उनकी विज़ुअल कल्पना को पर्दे पर उतार पाते हैं। उन्होंने कहा, "सिनेमा मेरे दिमाग में जन्म लेता है, लेकिन इसे दूसरे लोग साकार करते हैं।" इस तरह उन्होंने फिल्म निर्माण की सहयोगात्मक प्रकृति पर जोर दिया। उन्होंने आगे कहा कि सिनेमा का असली मकसद कोई बात कहना नहीं, बल्कि दर्शकों को एक अनुभव देना है।

सांस्कृतिक प्रामाणिकता के लिए एक भावपूर्ण अपील के साथ अपनी बात समाप्त करते हुए, उन्होंने जूलियो गार्सिया एस्पिनोसा के अपूर्ण सिनेमा के दर्शन का उल्लेख किया। उन्होंने भारतीय फिल्म निर्माताओं से आग्रह किया कि वे बाहरी तौर पर थोपे गए मानकों से खुद को तौलने के बजाय, अपनी सांस्कृतिक और दृश्य पहचान से जुड़े रहें। उन्होंने जोर देकर कहा, "मैं किसी और के मानकों के हिसाब से बेहतर क्यों बनूं? मुझे अपने परिवेश के प्रति ईमानदार रहना चाहिए।"

यह सत्र एक ऐसे फिल्म निर्माता के काम पर एक ज्ञानवर्धक नज़र डालता है, जिनका भारतीय सिनेमा में पांच दशकों का योगदान लगातार स्थापित परंपराओं को चुनौती देता है, सामाजिक पदानुक्रमों पर सवाल उठाता है और मानवीय गरिमा तथा अंतरात्मा की जटिलताओं को खंगालता है। उनके विचार इस बात की भी याद दिलाते हैं कि भारतीय सिनेमा की असली ताकत अपनी खुद की आवाज़ खोजने की क्षमता में निहित है, जो देश के विविध सांस्कृतिक अनुभवों से जुड़ी हुई है।

इस सत्र का संचालन जाने-माने फिल्म पत्रकार, समीक्षक और लेखक नमन रामचंद्रन ने किया।

IFFILOID यहाँ पढ़ें: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

* * *

पीके/केसी/आरटी/एनएस/डीके

स्रोत: Press Information Bureau (PIB), Government of India — मूल स्रोत पढ़ें
यह सरकारी प्रेस विज्ञप्ति बिना बदलाव के प्रकाशित की गई है।
शेयर करें

संबंधित खबरें